Edited By Punjab Kesari, Updated: 15 Feb, 2018 02:03 AM
हिमाचल प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कहा है कि पूर्व कांग्रेस सरकार के समय राज्यपाल को सौंपी चार्जशीट की प्रदेश सरकार जांच करवाएगी।
शिमला: हिमाचल प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कहा है कि पूर्व कांग्रेस सरकार के समय राज्यपाल को सौंपी चार्जशीट की प्रदेश सरकार जांच करवाएगी। इसको लेकर किसी को कोई संदेह या गलतफहमी नहीं होनी चाहिए। चार्जशीट की जांच किस एजैंसी की तरफ से करवानी है, यह देखना सरकार का काम है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने 100 दिन के बाद सरकार के कामकाज का आकलन करने की बात कही थी लेकिन उतावलेपन में कुछ नेता आलोचना कर रहे हैं।
अपने गिरेबां में झांके कांग्रेसी नेता
रणधीर शर्मा पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नई दिल्ली दौरे पर सवाल उठाए जाने पर कहा कि ऐसे बयान देने से पहले कांग्रेसी नेताओं को अपने गिरेबां में झांकना चाहिए। उन्होंने कहा कि सी.पी.एस., पी.एस. और निगम-बोर्ड में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष बनाना मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। उन्होंने कहा कि आर.एस.एस. से जुड़े लोग ईमानदार, योग्य और निष्ठावान हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय में आर.एस.एस. के लोगों को तैनात करने के आरोपों पर कहा कि भाजपा में आर.एस.एस. से जुड़े कई लोग हैं।
जरूरत पड़ने पर देंगे सेवा विस्तार व पुन: रोजगार
रणधीर शर्मा ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने करीब 3,200 लोगों को सेवा विस्तार या फिर पुन: रोजगार दिया। इसके अलावा भाजपा सरकार ने गिने-चुने लोगों को उन स्थानों पर सेवा विस्तार या पुन: रोजगार दिया है, जहां पर जनता का काम प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि सचिवालय सहित अन्य स्थानों में आवश्यकता पडऩे पर ही ऐसी तैनाती की जाएगी।
45 दिन के सरकारी कार्यकाल से भाजपा संतुष्ट
रणधीर शर्मा ने भाजपा सरकार के 45 दिन के कार्यकाल से संतोष जताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने विजन डॉक्यूमैंट को सरकारी दस्तावेज बनाया है।