Edited By Vijay, Updated: 23 Jun, 2020 11:43 PM
राज्य सरकार ने प्रदेश की सभी आशा कार्यकर्ताओं को जुलाई-अगस्त माह के लिए 2-2 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को प्रदेश की आशा कार्यकर्ताओं को वीडियो कॉन्फ्रैंसिंग के माध्यम से सम्बोधित...
शिमला (ब्यूरो): राज्य सरकार ने प्रदेश की सभी आशा कार्यकर्ताओं को जुलाई-अगस्त माह के लिए 2-2 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को प्रदेश की आशा कार्यकर्ताओं को वीडियो कॉन्फ्रैंसिंग के माध्यम से सम्बोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी ने पूरे विश्व को हैरान किया है तथा इसके लिए चिकित्सा सेवाएं तैयार नहीं थी। हिमाचल प्रदेश इस महामारी से प्रभावशाली तरीके से लड़ रहा है और इस संक्रमण को रोकने में प्रदेश की आशा कार्यकर्ता महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं ने इन्फ्लुएंजा लक्षण वाले लोगों का पता लगाने के साथ-साथ लोगों को क्वारंटाइन नियमों का सख्ती से पालन करने के लिए भी प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शुरू किए गए एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सराहना की है। प्रधानमंत्री ने अन्य मुख्यमंत्रियों को भी हिमाचल प्रदेश का अनुसरण करने और अपने संबंधित प्रदेशों में इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी के मरीजों की पहचान करने के लिए यह अभियान शुरू करने का सुझाव दिया है।