Edited By Simpy Khanna, Updated: 14 Jan, 2020 04:37 PM
हालांकि निगम की बसों में भैयादूत और रक्षा बंधन पर महिलाओं का किराया माफ होता है, वहीं निगम नियमित तौर पर भी महिलाओं को किराए में छूट प्रदान कर रहा है। प्रदेश भर में निगम की बसों में महिलाओं को 25 फीसदी छूट प्रदान की जा रही है।
धर्मशाला (नृपजीत) : हालांकि निगम की बसों में भैयादूत और रक्षा बंधन पर महिलाओं का किराया माफ होता है, वहीं निगम नियमित तौर पर भी महिलाओं को किराए में छूट प्रदान कर रहा है। प्रदेश भर में निगम की बसों में महिलाओं को 25 फीसदी छूट प्रदान की जा रही है। प्रदेश में तो यह सुविधा दी जा रही है, वहीं पठानकोट और होशियारपुर जाने वाली रूटीन वाली निगम की बसों में भी महिलाओं को यह लाभ दिया जा रहा है। भले ही महिलाओं में इसके प्रति जागरूकता न हो, लेकिन महिलाओं को इस सुविधा बारे अवगत करवाने हेतू निगम प्रबंधन ने परिचालकों को निर्देश जारी किए हैं, जिससे कि महिलाएं उन्हें मिल रही सुविधाओं से वाकिफ रहें।
एचआरटीसी धर्मशाला के आरएम पंकज चड्डा ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में महिलाओं को किराए में 25 फीसदी की छूट दी जा रही है। महिलाओं को यह छूट राज्य के भीतर चलने वाली बसों में उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त पठानकोट और होशियारपुर में रूटीन की बसों में भी यह सुविधा दी जा रही है। कोई भी महिला कंडक्टर से टिकट लेती है तो उसका टिकट 25 फीसदी कम किराए का निकलता है। परिचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि महिला को टिकट दे तो उसे यह बताना भी सुनिश्चित करे कि उनका किराया 25 फीसदी कम लगा है।