Edited By Vijay, Updated: 26 Apr, 2019 07:32 PM
ए.टी.एम. से पैसे निकाल रही महिला के पीछे खड़े अज्ञात व्यक्ति ने महिला के ए.टी.एम. कार्ड का पिन नंबर पढ़ा और उसके खाते से सवा 2 लाख रुपए निकाल लिए। यह मामला टौणी देवी पुलिस चौकी में दर्ज हुआ है।
हमीरपुर: ए.टी.एम. से पैसे निकाल रही महिला के पीछे खड़े अज्ञात व्यक्ति ने महिला के ए.टी.एम. कार्ड का पिन नंबर पढ़ा और उसके खाते से सवा 2 लाख रुपए निकाल लिए। यह मामला टौणी देवी पुलिस चौकी में दर्ज हुआ है। टौणी देवी पुलिस चौकी के तहत आने वाली टिक्कर-खतरियां पंचायत के पलेहड़ा गांव की महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह अपने मायके घुमारवीं में एक ए.टी.एम. से पैसे निकाल रही थी तो एक व्यक्ति ए.टी.एम. के भीतर उसके पीछे खड़ा था।
16 अप्रैल को खाते से निकाले 2 लाख रुपए
महिला ने बताया कि उसके खाते में 4 लाख रुपए थे लेकिन 16 अप्रैल को मैसेज आया कि उसके खाते से सवा 2 लाख रुपए निकाल लिए गए हैं, जिस पर वह हैरान रह गई। जब उसने बैंक में जाकर अपने खाते की स्टेटमैंट ली तो उसके खाते में सिर्फ 1.97 लाख रुपए ही बचे थे। इसके बाद महिला ने गत दिवस टौणी देवी पुलिस चौकी में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने खंगाली सी.सी.टी.वी. कैमरे की फुटेज
टौणी देवी पुलिस चौकी के प्रभारी ज्ञान चंद ने बताया कि इस बारे में शिकायत दर्ज हुई है तथा घुमारवीं में जिस ए.टी.एम. से महिला ने पैसे निकलवाए थे, उस ए.टी.एम. के सी.सी.टी.वी. कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं तथा 1-2 दिन में सारी स्थिति साफ हो जाएगी।