Edited By Vijay, Updated: 14 Nov, 2018 09:59 PM
पुलिस थाना घुमारवीं के तहत आने वाले दकड़ी चौक के समीप एक नाबालिग लड़की ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना बुधवार दोपहर बाद घटी। जानकारी के अनुसार नाबालिग लड़की झंडूता विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले एक गांव की रहने वाली है।
घुमारवीं: पुलिस थाना घुमारवीं के तहत आने वाले दकड़ी चौक के समीप एक नाबालिग लड़की ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना बुधवार दोपहर बाद घटी। जानकारी के अनुसार नाबालिग लड़की झंडूता विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले एक गांव की रहने वाली है। जानकारी के अनुसार नाबालिग लड़की चंडीगढ़ स्थित किसी संस्थान में आगामी पढ़ाई के लिए कोचिंग ले रही थी। बताया जा रहा है कि वह 2 दिन पूर्व अपने चाचा के घर रहने आई हुई थी। लड़की के चाचा व्यवसायी होने के चलते सुबह अपनी दुकान पर आ गए थे जबकि घर पर उसकी चाची मौजूद थी। दिन के समय नाबालिग लड़की की चाची आंगन में धूप सेंक रही थी तथा लड़की अंदर कमरे में कुछ काम कर रही थी।
पंखे के साथ लटकी हुई थी लड़की
दोपहर के समय जब लड़की की चाची अंदर खाना बनाने के उद्देश्य से गई तो उसने देखा कि उनकी भतीजी पंखे के साथ लटकी हुई है। लड़की की चाची के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। इस दौरान लड़की को नीचे उतार कर सिविल अस्पताल घुमारवीं लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डी.एस.पी. घुमारवीं राजेंद्र कुमार जसवाल ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।