Edited By Vijay, Updated: 15 Nov, 2020 11:18 PM
जिला में दीपावली की रात को 4 जगह आग लगने की घटनाएं हुईं, जिससे लाखों रुपए का नुक्सान हुआ है। अग्निशमन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बिलासपुर शहर के साथ लगती बल्ह-बलवाणा पंचायत में एक कच्चे मकान में आग लग गई जिससे संबंधित मकान मालिक को करीब 50,000...
बिलासपुर (ब्यूरो): जिला में दीपावली की रात को 4 जगह आग लगने की घटनाएं हुईं, जिससे लाखों रुपए का नुक्सान हुआ है। अग्निशमन विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बिलासपुर शहर के साथ लगती बल्ह-बलवाणा पंचायत में एक कच्चे मकान में आग लग गई जिससे संबंधित मकान मालिक को करीब 50,000 रुपए का नुक्सान हुआ है। आग लगने की घटना की सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि यदि समय रहते आग पर काबू न पाया जाता तो साथ लगते घरों व मकान में ही मौजूद फर्नीचर की वर्कशॉप भी स्वाह हो जाती। विभाग ने करीब 10 लाख रुपए की संपत्ति को जलने से बचाया है।
दूसरी घटना बिलासपुर शहर के लोअर निहाल में हुई। इस घटना से करीब 15,000 रुपए का घरेलू सामान जल गया। विभागीय कर्मचारियों ने आग पर काबू पाकर साथ लगते घरों को जलने से बचा लिया। विभाग द्वारा यहां पर करीब 15 लाख रुपए की संपत्ति को जलने से बचाया गया है। तीसरी घटना में संदौली-मारकंड में एक चिकन शॉप में आग लगने से करीब 50,000 रुपए का नुक्सान हुआ है। जानकारी के अनुसार यहां पर करीब 50-60 मुर्गे जल गए। विभाग द्वारा समय रहते आग पर काबू पाया गया अन्यथा साथ लगती दुकानें व घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे। चौथी घटना में झंडूता में जंगल में अचानक आग लग गई, जिससे कई जीव-जंतुओं सहित वन संपदा को काफी नुक्सान पहुंचा है। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
अग्निशमन विभाग बिलासपुर के प्रभारी सुभाष मिश्रा ने बताया कि जिला में दीपावली की रात को 4 जगह आग लगने की घटनाएं हुई हैं। उन्होंने बताया कि इन घटनाओं से लाखों रुपए का नुक्सान होने का अनुमान है जबकि विभाग ने एक करोड़ 45 लाख रुपए की संपत्ति को आग से बचाने में सफलता हासिल की है।