Edited By Vijay, Updated: 02 Jul, 2026 02:49 PM

हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां गत्ते के डिब्बे (कार्टन) बनाने वाले एक उद्योग में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने इतनी तेजी से विकराल रूप धारण किया कि देखते ही देखते पूरा उद्योग लपटों से घिर गया।
कालाअम्ब: हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां गत्ते के डिब्बे (कार्टन) बनाने वाले एक उद्योग में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने इतनी तेजी से विकराल रूप धारण किया कि देखते ही देखते पूरा उद्योग लपटों से घिर गया। इस खौफनाक मंजर को देखकर पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया और दहशत फैल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत एहतियाती कदम उठाए। आग आसपास के उद्योगों तक न फैले और कोई बड़ी जनहानि न हो, इसके लिए आसपास के सभी उद्योगों को तुरंत खाली करवाकर काम बंद करवा दिया गया।
जानकारी के मुताबि उक्त उद्योग में गत्ते के डिब्बे बनाने का काम होता था। उद्योग के अंदर भारी मात्रा में कच्चा माल, तैयार डिब्बे (कार्टन) और महंगी मशीनरी रखी हुई थी, जो आग की पूरी तरह चपेट में आ गई। आग इतनी भयंकर थी कि इमारत को भी भारी नुकसान पहुंचा है और अंदर रखा लगभग सारा सामान जलकर राख हो गया है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग तुरंत हरकत में आए। कालाअम्ब के अलावा हरियाणा के नारायणगढ़ और नाहन से फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए लगातार पानी की बौछारें कीं, ताकि आग को अन्य उद्योगों तक फैलने से रोका जा सके। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया और राहत-बचाव कार्य में पूरा सहयोग किया।

इस घटना में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि किसी भी कर्मचारी या व्यक्ति के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर आ गए। फायर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक शुरूआती जांच में आग लगने की वजह बिजली की तारों में शॉर्ट सर्किट होना मानी जा रही है। हालांकि, असली कारणों की पुष्टि और नुक्सान का सटीक आकलन आग पूरी तरह बुझने और विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा। अंदेशा जताया जा रहा है कि इस घटना में उद्योगपति को करोड़ों रुपए का भारी आर्थिक नुक्सान हुआ है। फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें