कोटी अवैध पेड़ कटान मामला : वन विभाग के 3 सेवानिवृत्त कर्मचारियों पर FIR दर्ज

Edited By Vijay, Updated: 31 May, 2018 07:23 PM

fir on 3 retired employees of the forest department

शिमला के साथ लगती कोटी रेंज में हुए 400 से अधिक अवैध पेड़ कटान मामले को लेकर पुलिस अब हरकत में आ गई है। कोर्ट के आदेशानुसार पुलिस ने वीरवार को वन विभाग के 3 सेवानिवृत्त अधिकारियों के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज कर ली है।

शिमला: शिमला के साथ लगती कोटी रेंज में हुए 400 से अधिक अवैध पेड़ कटान मामले को लेकर पुलिस अब हरकत में आ गई है। कोर्ट के आदेशानुसार पुलिस ने वीरवार को वन विभाग के 3 सेवानिवृत्त अधिकारियों के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज कर ली है। इनमें कोटी फोरैस्ट बीट के पूर्व रेंजर विक्की चौहान, डिप्टी रेंजर प्रकाश चंद तथा इसी बीट का फोरैस्ट गार्ड हरी सिंह शामिल है। कोर्ट ने पुलिस को आदेश दिए थे कि पेड़ कटान मामले को लेकर अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, ऐसे में पुलिस ने थाना ढली के तहत फिलहाल 3 कर्मचारियों के खिलाफ विशिष्ट प्रथाओं की अश्वशक्ति रोकथाम अधिनियम 1983 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब तीनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जल्द ही पूछताछ करेगी।


4 साल से गुपचुप तरीके से हो रहा था कटान
कोटी में हुए अवैध वन कटान के दौरान उक्त तीनों अधिकारी कोटी बीट में तैनात थे। इन तीनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी अमल में लाई गई है। उल्लेखनीय है कि वन विभाग के इस जंगल में पेड़ों का कटान पिछले 4 साल से गुपचुप तरीके से हो रहा था लेकिन विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी। इस पर हाईकोर्ट ने संज्ञान लेते हुए प्रधान सचिव वन को यह बताने के आदेश दिए थे कि इस मामले में लिप्त आरोपी वन अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई।


ऐसे उजागर हुआ था मामला
कोटी रेंज में पेड़ काटने का यह मामला 12 जनवरी, 2018 को सामने आया था। यह मामला तब उजागर हुआ था जब उक्त बीट का फोरैस्ट गार्ड हरी सिंह रिटायर्ड हुआ और नए गार्ड पवन ने बीट संभाली। गार्ड की शिकायत पर वन विभाग की टीम ने शलोट गांव के साथ लगते जंगल में 400 से अधिक पेड़ों के कटे ठूंठ पाए। इनमें देवदार व बान के अलावा चीड़ के पेड़ भी शामिल थे। मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने भूप सिंह के खिलाफ पुलिस थाना ढली मेंं एफ.आई.आर. दर्ज करवाई थी। मामला दर्ज करने के बाद वन विभाग और पुलिस टीम ने भूप सिंह के घर पर दबिश दी थी और उसके घर से 23 बोरियां कोयले की बरामद की गई थीं।


20 जनवरी को हुई थी पहली गिरफ्तारी
इस पेड़ कटान मामले में पुलिस ने 20 जनवरी को पहली गिरफ्तारी की थी। पुलिस ने पेड़ काटने के आरोप में भूप सिंह को गिरफ्तार किया था। हालांकि बाद में आरोपी को कोर्ट ने जमानत पर रिहा कर दिया था। भूप सिंह ने पुलिस के समक्ष बाद में स्वयं भी कबूल किया था कि उसने ही पेड़ पर कुल्हाड़ी चलाई थी। यहां मामला निजी भूमि और सरकारी भूमि के बीच फंस गया था। सरकार ने इस मामले में जांच के लिए कमेटी गठित की और उसकी रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने रिटायर्ड वन रक्षक को चार्जशीट कर दिया था।


अब 4 उच्चाधिकारियों पर गाज गिरना तय
पेड़ कटान के इस मामले को लेकर जल्द ही वन विभाग के 4 उच्चाधिकारियों पर भी गाज गिरनी तय है। इनमें सी.सी.एफ. और ए.सी.एफ. तक के अधिकारी लपेटे में आ सकते हैं। इनके खिलाफ भी पुलिस की कार्रवाई चल रही है। जल्द ही इनके खिलाफ मामला दर्ज हो सकता है। हालांकि कोर्ट ने वन विभाग के कुछ उच्चाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। 


सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जल्द होगी पूछताछ
डी.एस.पी. सिटी शिमला दिनेश शर्मा ने बताया कि कोर्ट के आदेशानुसार थाना ढली के तहत 3 सेवानिवृत्त कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें रेंजर, डिप्टी रेंजर और एक गार्ड शामिल है। कोटी रेंज में अवैध रूप से काटे गए पेड़ों को लेकर कारवाई जारी है। जिन कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है, उनसे जल्द ही पूछताछ भी होगी।

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!