Edited By Vijay, Updated: 01 Nov, 2018 10:54 PM
जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, उस समय से ही जिला हमीरपुर व बड़सर विस क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है, जिसका मुख्य कारण प्रदेश भाजपा में 2 गुटों का होना है।
भोटा: जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, उस समय से ही जिला हमीरपुर व बड़सर विस क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है, जिसका मुख्य कारण प्रदेश भाजपा में 2 गुटों का होना है। ये आरोप वीरवार को पूर्व सी.पी.एस. एवं विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने पत्रकार वार्ता में लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा में शह और मात का खेल चल रहा है। इसका लाभ कांग्रेस को लोकसभा चुनावों में मिलना तय है। चुने हुए प्रतिनिधियों को हटाने का प्रयास किया गया है, उसमें भी भाजपा को असफलता हासिल हुई है। भोटा नगर पंचायत में भी यही खेल खेला गया, पर हार का मुंह देखना पड़ा।
10 महीनों में बड़सर विस क्षेत्र में विकास को लग गया ग्रहण
उन्होंने कहा कि पिछले 10 महीनों में बड़सर विस क्षेत्र में विकास को ग्रहण लग गया है। अस्पतालों में डाक्टर व अन्य कर्मचारी नहीं हैं, पानी की स्कीमों का बुरा हाल है तथा सड़कों की बुरी दशा है। बरसात में हुए नुक्सान का सही आकलन नहीं हो सका है, वहां भी राजनीति की जा रही है। अधिकारियों पर कोई नियंत्रण नहीं है। अधिकारी व कर्मचारी उनसे मिलने से डरते हैं कि कहीं उनकी ट्रांसफर न हो जाए। सभी समस्याओं को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री, परिवहन मंत्री और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा को लिखित भेजा है।
...तो बड़सर में सरकार के खिलाफ होगा बड़ा आंदोलन
उन्होंने कहा कि अगर इन समस्याओं का हल नहीं निकला, राजनीति तौर पर कांग्रेस के प्रधानों व कार्यकर्ताओं को तंग करना बंद नहीं किया और अधिकारियों ने अपने कार्य करने की शैली को नहीं बदला तो बड़सर में सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर उनके साथ नगर पंचायत अध्यक्ष सर्वजीत कौर, पार्षद शरण प्रसाद, पूर्व उपाध्यक्ष देसराज, पूर्व पार्षद डा. ललित भागवत और राकेश कानूनगो सहित अन्य कई लोग उपस्थित रहे।