Edited By Vijay, Updated: 09 Oct, 2018 05:05 PM
हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र का ऊना में चल रहा 2 दिवसीय अभ्यास वर्ग सम्पन्न हो गया। इसमें पार्टी के दिग्गज नेताओं ने शिरकत की। अभ्यास वर्ग की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने की जबकि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल मुख्य अतिथि के रूप में...
ऊना (अमित): हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र का ऊना में चल रहा 2 दिवसीय अभ्यास वर्ग सम्पन्न हो गया। इसमें पार्टी के दिग्गज नेताओं ने शिरकत की। अभ्यास वर्ग की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने की जबकि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान पार्टी को मजबूत करने की दिशा में रणनीति पर चर्चा की गई जबकि राजनीतिक कमियों पर भी मंथन किया गया। इस मौके पर धूमल ने आने वाले लोकसभा चुनावों में प्रदेश की चारों सीटें फिर से जीत कर कांग्रेस मुक्त हिमाचल का दावा किया। उन्होंने इन सीटों को पहले से भी अधिक मतों से जीतने का भी दावा किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावों में जीत के टिप्स भी दिए।
महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
वहीं उन्होंने महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में जो जरूरी वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे थे मोदी सरकार ने उस पर लगाम लगाई है और रही बात पैट्रोलियम पदार्थों की तो यह अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर दाम बढ़े हैं। उन्होंने कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस की हालत बिना अपना रिपोर्ट कार्ड देखे शोर मचाने वाले बच्चों जैसी है।
ये रहे अभ्यास वर्ग में मौजूद
अभ्यास वर्ग में आई.पी.एच. मंत्री महेंद्र सिंह, उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर, पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, गगरेट से विधायक राजेश ठाकुर, चिंतपूर्णी से विधायक बलबीर चौधरी, झंडूता से विधायक जे.आर. कटवाल, हमीरपुर के विधायक नरेंद्र ठाकुर, मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा सहित पार्टी के कई आला नेता मौजूद रहे।