Edited By Vijay, Updated: 26 Jun, 2019 09:41 PM
विकास खंड चम्बा के दायरे में आने वाली ग्राम पंचायत पलूई में मनरेगा के तहत मजदूरी करने में जुटे एक व्यक्ति की उस समय मौत हो गई जब उसके ऊपर पत्थर आ गिरे। इस घटना में वह बुरी तरह से घायल हो गया जिसे उपचार के लिए मैडीकल कॉलेज अस्पताल चम्बा पहुंचाया गया,...
चम्बा (विनोद): विकास खंड चम्बा के दायरे में आने वाली ग्राम पंचायत पलूई में मनरेगा के तहत मजदूरी करने में जुटे एक व्यक्ति की उस समय मौत हो गई जब उसके ऊपर पत्थर आ गिरे। इस घटना में वह बुरी तरह से घायल हो गया जिसे उपचार के लिए मैडीकल कॉलेज अस्पताल चम्बा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन ने इस बारे में पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने सूचना मिलने पर मैडीकल कॉलेज अस्पताल चम्बा पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया, साथ ही घटनास्थल का जायजा भी लिया। पुलिस ने मैडीकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक मजदूर की पहचान चैन लाल पुत्र घिंजलो राम निवासी दियोली के रूप में की गई है।
पत्थर निकालते समय मजदूर के ऊपर आ गिरा मलबा
जानकारी के अनुसार चैन लाल इन दिनों पंचायत में मनरेगा के तहत चल रहे एक विकास कार्य में बतौर मजदूर कार्य कर रहा था। बुधवार दोपहर को जब वह विकास कार्य के लिए प्रयोग में लाए जाने के लिए पत्थरों को निकालने में जुटा था तो उसी दौरान ऊपर से भारी मात्रा में मलबा उसके ऊपर आ गिरा। मलबे में भारी-भरकम पत्थर शामिल थे, जिनकी चपेट में आने से वह लहूलुहान हो गया। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने उसे मैडीकल कॉलेज अस्पताल चम्बा पहुंचाया, जहां तैनात चिकित्सक ने जांच केबाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले को सी.आर.पी.सी. की धारा 174 के तहत दर्ज कर अपनी जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।