प्रदेश सरकार को घेरने का विपक्ष के पास नहीं है कोई मुद्दा : जयराम ठाकुर

Edited By Vijay, Updated: 03 Jan, 2021 06:31 PM

cm jairam thakur target on opposition

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के 3 साल का कार्यकाल संतुलित विकास और क्षेत्रवाद को दर किनार कर काम की संस्कृति को बढ़ावा दिया है। मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार के खिलाफ न तो विपक्ष और न ही...

मंडी (ब्यूरो): मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार के 3 साल का कार्यकाल संतुलित विकास और क्षेत्रवाद को दर किनार कर काम की संस्कृति को बढ़ावा दिया है। मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार के खिलाफ न तो विपक्ष और न ही प्रदेश के लोगों के पास ऐसा कोई मुद्दा है, जिस पर सरकार को घेरा जा सके। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने यह साबित कर दिया कि प्रदेश की संस्कृति, शालीनता और समरसता के अनुरूप राजनीति की जा सकती है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में ऐसा कोई भी बड़ा मुद्दा नहीं आया, जिसकी वजह से सरकार को विरोध का सामना करना पड़ा हो।

पूर्व कांग्रेस सरकार पर कसा तंज

मुख्यमंत्री ने पूर्व की कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि पूर्व की कांग्रेस सरकारों का विकास का नजरिया केवल मात्र संस्थान खोलने को लेकर ही रहा है। स्कूल, कालेज, स्वास्थ्य संस्थान, तहसील व अन्य संस्थान खोलने के बाद उनमें सुविधाएं मुहैया करवाने की ओर ध्यान नहीं दिया जाता। कई कालेज तो मात्र एक-एक लाख रुपए के बजट के प्रावधान के साथ ही खोल दिए गए। मगर उनकी सरकार नए विजन के साथ काम कर रही है। पूर्व की सरकारों के पास विजन का अभाव रहा है।

कोविड काल में सरकार ने किया बेहतर काम

उन्होंने कहा कि उनकी प्रदेश सरकार ने कोविड काल की कठिन परिस्थितियों में बेहतर काम किया है। उन्होंने कहा कि अब हर घर को नल, सड़क, बिजली आदि के बजाय लंबे समय के लिए योजनाएं बनाने की आवश्यकता है। प्रदेश में आने वाले 50 वर्षों में पेयजल की किल्लत न हो ऐसी योजनाएं सरकार की ओर से बनाई जा रही हैं। केवल मात्र संस्थान खोलना ही विकास का पैमाना नहीं है, सुविधाएं भी उपलब्ध होनी चाहिए। नई तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बेहतर योजनाएं बनानी होंगी। प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रोड कनैक्टीविटी पर ध्यान दिया जा रहा है। इससे पर्यटन को पंख लगेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 जनवरी को हिमाचल प्रदेश अपनी स्थापना के 50 साल पूरे करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि साल भर 50 साल पूर्ण होने पर अलग-अलग जगहों पर कार्यक्रम किए जाएंगे। जिसमें हिमाचल प्रदेश की गौरवमयी विकास यात्रा का वर्णन होगा।  

कांग्रेस ने पार्टी हाईकमान को भेजे मास्क और सैनिटाइजर के फर्जी बिल

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर कांग्रेस के शासनकाल में कोविड जैसी वैश्विक महामारी होती तो देश व प्रदेश में कांग्रेस की सरकारों के शासन में लूट मच जाती। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने मास्क और सैनिटाइजर के फर्जी बिल बनाकर पार्टी हाईकमान को भेजे और 12 करोड़ रुपए लिए हैं। इसके विपरीत उनकी सरकार ने कोविड काल में भी शिकायतों पर कार्रवाई अमल में लाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देकर स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके अलावा नई राहें, नई मंजिलें से अनछुए पर्यटन स्थलों को निखारने पर बल दिया जा रहा है। अटल टनल के बन जाने से लाहौल घाटी में पर्यटन की संभावनाएं बढ़ी हैं। घाटी में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

ग्राऊंड ब्रेकिंग सैरेमनी के लिए तैयारी पूरी

उन्होंने कहा कि सलापड़-ततापानी जल परिवहन को विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे न केवल स्थानीय लोगों को फायदा होगा, अपितु पर्यटन क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा। ग्लोबल इन्वैस्टर्स मीट में 96 हजार करोड़ के एम.ओ.यू. साइन हुए। ग्राऊंड ब्रेकिंग केबाद 10 हजार करोड़ के काम धरातल पर शुरू हुए हैं, जबकि 10 हजार करोड़ के और कार्यों की ग्राऊंड ब्रेकिंग सैरेमनी के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी विकास को गति देने के लिए प्रदेश में 389 ग्राम पंचायतों का गठन किया, 3 नगर निगम मंडी, सोलन और पालमपुर तथा 7 नई नगर पंचायतें बनाईं।

मंडी में शिवधाम के निर्माण की दिशा में उठाए निर्णायक कदम

मंडी के विकास की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी में शिवधाम के निर्माण की दिशा में निर्णायक कदम उठाए गए हैं। अंतिम चरण की फोरैस्ट क्लीयरैंस के लिए मामला सुप्रीम कोर्ट में है, इसके मिलते ही काम शुरू हो जाएगा। इसके अलावा बल्ह में एयरपोर्ट निर्माण के लिए केंद्रीय वित्त आयोग के समक्ष ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट का प्रस्ताव रखा और वित्तीय मदद के लिए कहा है। प्रदेश की करीब 600 विकास परियोजनाओं के मामले फोरैस्ट क्लीयरैंस के लिए सुप्रीम कोर्ट में लम्बित हैं, इन्हें लेकर सरकार ने पुरजोर तरीके से अपना पक्ष रखा है। इनको हरी झंडी मिलते ही विकास की बहुत सी परियोजनाएं सिरे चढ़ेंगी। इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, विधायक जवाहर ठाकुर, हीरा लाल, इंद्र सिंह गांधी और प्रकाश ठाकुर के अलावा अजय राणा व जिला भाजपा अध्यक्ष रणवीर सिंह ठाकुर मौजूद रहे।

 

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!