Edited By Vijay, Updated: 14 May, 2021 11:19 PM
हिमाचल प्रदेश के 9.97 लाख कृषक परिवारों में से 9,26,963 पात्र किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिला है। इस तरह अब तक राज्य के किसानों को केंद्रीय योजना से 13.55 करोड़ रुपए का लाभ मिल चुका है। इसमें से करीब 89 फीसदी छोटे एवं...
शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश के 9.97 लाख कृषक परिवारों में से 9,26,963 पात्र किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिला है। इस तरह अब तक राज्य के किसानों को केंद्रीय योजना से 13.55 करोड़ रुपए का लाभ मिल चुका है। इसमें से करीब 89 फीसदी छोटे एवं सीमांत किसान हैं, जिनको इससे लाभ मिला है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ इस योजना को लेकर आयोजित वर्चुअल बैठक के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री का किसानों को 8वीं किस्त जारी करने के लिए आभार जताया।
उच्च अधिकारियों के साथ योजना की प्रगति को लेकर समीक्षा
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से बैठक के बाद उच्च अधिकारियों के साथ इस योजना की प्रगति को लेकर समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की तरफ से 8वीं किस्त जारी करने से 9.5 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को लगभग 20 हजार करोड़ रुपए मिले हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में इस योजना की शुरूआत 24 फरवरी, 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से की गई थी। मुख्य सचिव अनिल खाची सहित अन्य अधिकारी इस अवसर पर मौजूद थे।
किसानों के नाम पर राजनीति कर रही कांग्रेस : कश्यप
हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी किसानों के नाम पर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ हिमाचल प्रदेश के किसानों को भी मिला है। इसके बावजूद कांग्रेस नेता सरकार की छवि खराब करने में जुटे हैं।
केंद्र सरकार किसानों की हितैषी : अनुराग
केंद्रीय वित्त एवं कार्पाेरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की हितैषी है। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि से किसान परिवारों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बिना किसी बिचौलिए के किसानों के खाते में सीधे राशि डाल रही है।