Edited By Vijay, Updated: 04 Jul, 2018 09:36 PM
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार मानसून की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयारी है। इसके लिए डी.सी. के साथ संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार मानसून की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयारी है। इसके लिए डी.सी. के साथ संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सरकार ने भू-स्खलन व खतरनाक सड़कें चिन्हित करने को भी कहा है। इसी तरह आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक वस्तुओं का भंडारण किया जाएगा। मुख्यमंत्री यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।
मौसम संबंधी चेतावनी देने पर विशेष ध्यान के निर्देश
उन्होंने कहा कि स्थिति से निपटने के लिए लोक निर्माण विभाग, नगर निगमों, नगर परिषदों तथा पंचायती राज संस्थानों को पानी के स्रोतों को साफ रखने के अलावा जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाने के निर्देश भी दिए हैं। इसी तरह मौसम संबंधी चेतावनी देने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा है। उल्लेखनीय है कि मानसून सीजन के दौरान प्रदेश में करीब 900 करोड़ रुपए से 1,000 करोड़ रुपए का नुक्सान होता है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने अभी से उचित पग उठाने को कहा है, ताकि कम से कम नुक्सान हो।
खली को लेकर पूछे सवाल को टाल गए सी.एम.
मुख्यमंत्री दलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली के रैसनिंग इवैंट को लेकर पूछे गए सवाल को टाल गए। उल्लेखनीय है कि खली के इवैंट को लेकर विपक्षी कांग्रेस ने सरकार को घेरने का प्रयास किया है, ऐसे में सरकार किसी भी तरह के विवाद से स्वयं को अलग कर रही है।