Edited By Vijay, Updated: 07 Aug, 2019 05:49 PM
हिमाचल प्रदेश में पर्यावरण को बचाने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा सभी सरकारी और निजी स्कूलों में पौधे रोप जाएंगे। इस मुहिम को मुख्यमंत्री हरित विद्यालय अभियान 2019 नाम दिया गया है। इस अभियान का आगाज जिला ऊना के सलोह स्कूल से शिक्षा मंत्री सुरेश...
ऊना (अमित): हिमाचल प्रदेश में पर्यावरण को बचाने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा सभी सरकारी और निजी स्कूलों में पौधे रोप जाएंगे। इस मुहिम को मुख्यमंत्री हरित विद्यालय अभियान 2019 नाम दिया गया है। इस अभियान का आगाज जिला ऊना के सलोह स्कूल से शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज और पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर द्वारा किया गया। इस दौरान भाजपाध्यक्ष सतपाल सत्ती, गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर और उद्योग विकास निगम के उपाध्यक्ष राम कुमार भी उपस्थित रहे।
दिवंगत सुषमा स्वराज को समर्पित किया पौधरोपण अभियान
अभियान के शुभारंभ से एक दिन पहले ही पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन के चलते इस कार्यक्रम को पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को समर्पित किया गया। इस दौरान शिक्षा मंत्री और अन्य गणमान्यों ने 51 पौधे लगाए। वहीं पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के नाम से भी एक पौधा लगाया गया। शिक्षा मंत्री ने स्कूल के प्रधानाचार्य, शिक्षकों और विद्यार्थियों को सुषमा स्वराज को समर्पित पौधे का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।
निजी स्कूलों के मुकाबले सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर बहुत बढ़िया
वहीं सरकारी अध्यापकों द्वारा अपने बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ाने पर सरकार द्वारा कोई नीति न लाने के सवाल पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार किसी को भी ऐसा करने के लिए बाध्य नहीं कर सकती लेकिन हम अध्यापकों को यह अहसास करा सकते हैं कि आप खुद सरकारी स्कूलों में पढ़ा रहे हैं लेकिन अपने बच्चों को निजी स्कूलों में पढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर निजी स्कूलों के मुकाबले बहुत बढ़िया है।