हिमाचल में बढ़ते नशे के कारोबार पर CM ने जताई चिंता, बोले-पंजाब की तर्ज पर कड़ा होगा कानून(video)

Edited By Vijay, Updated: 15 Jul, 2018 10:07 PM

हिमाचल में नशे के बढ़ते कारोबार पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने चिंता जाहिर की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसी भी सूरत में नशा माफिया को फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा।

शिमला (राक्टा): हिमाचल में नशे के बढ़ते कारोबार पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने चिंता जाहिर की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में किसी भी सूरत में नशा माफिया को फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा। रविवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे के खिलाफ उनकी सरकार पंजाब की तर्ज पर कानून लाएगी। उन्होंने कहा कि बढ़ते मामलों को देख राज्य सरकार पंजाब सरकार की तर्ज पर कानून को और कड़ा करने पर विचार कर रही है और इस दिशा में जल्द ही प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार नशे को लेकर जागरूकता अभियान चलाने की सोच रही थी लेकिन ताजा मामलों को देखते हुए अब इस संबंध में पुलिस विभाग को कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।


किसी भी सूरत में फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा नशा माफिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सक्रिय तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने माना कि बीते 3-4 साल से प्रदेश में मादक द्रव्यों की तस्करी लगातार बढ़ी है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि पहाड़ी प्रदेश हिमाचल को देवभूमि के नाम से जाना जाता है और यहां नशाखोरी व तस्करी को किसी भी सूरत में फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ  कानून को सख्त करने की जरूरत है और इस बारे में जो भी कदम उठाने होंगे, उन्हें राज्य सरकार उठाएगी।


सी.एम. सोमवार को होंगे दिल्ली रवाना
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोमवार को दिल्ली दौरे पर रवाना होंगे। इस दौरान वह जहां केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर प्रदेश हित से जुड़े मुद्दे उठाएंगे, वहीं आगामी लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोमवार को वह दिल्ली जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन की कुछ बातें हैं जिसके तहत वह दिल्ली दौरे पर जा रहे हैं।


रजनी पाटिल हमारी मेहमान
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी के हिमाचल दौरे को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में सी.एम जयराम ठाकुर ने चुटकी लेते हुए कहा कि पाटिल हमारी मेहमान हैं और यहां का मौसम अच्छा है, ऐसे में वह यहां घूमें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जहां तक चारों सीटें जीतने का दावा है, वह तो आने वाला समय की बताएगा। हमने पहले भी चारों सीटें जीती हैं और आगामी चुनाव में निश्चित तौर पर चारों सीटें भाजपा की ही झोली में आएंगी।


शुरू कर दिया जाएगा सी.यू. का काम
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की बात कही। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय को मिले काफी समय हो गया है लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि कुछ कमी महसूस की गई थी लेकिन अब उसे अंतिम रूप दे दिया गया है और 2 महीने के अंदर उसका काम शुरू कर दिया जाएगा।


ऐतिहासिक रिज मैदान पर पत्नी संग की सैर
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर रविवार शाम पत्नी संग ऐतिहासिक रिज मैदान पर सैर करने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती सहित अन्य नेता भी थे। इस अवसर पर लोगों में मुख्यमंत्री के साथ सैल्फी लेने का क्रेज भी देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने रिज पर पर्यटन निगम के रैस्टोरैंट आशियाना में चाय की चुस्की भी ली।


सोचा मालरोड का चक्कर ही लगा लूं
एक सवाल के जवाब में सी.एम. ने कहा कि आज रविवार है, सुबह से काम कर रहे थे और काम करने के बाद सोचा कि मालरोड का चक्कर लगाया जाए। ऐसे में साथियों के साथ मालरोड पहुंच गए। उन्होंने कहा कि सोचा था कि यहां भीड़ कम होगी लेकिन यहां काफी तादाद में लोग मौसम का मजा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के साथ मिलना अच्छा लगता है और यह लोगों का स्नेह ही है जो वे सैल्फी लेने के लिए आते हैं।


सचिवालय में विजिटर्स के लिए बनाया जा रहा हाल
मुख्यमंत्री से मिलने सचिवालय आने वाले लोगों को अब यहां दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके तहत सचिवालय में अब विजिटर्स के लिए एक नया हाल बनाया जा रहा है। इल्जर्ली भवन में सी.एम. से मिलने आने वालों के लिए कोई अलग से कमरा न होने के चलते इसका निर्माण किया जा रहा है। रविवार को अवकाश होने पर भी मुख्यमंत्री निर्माणाधीन हॉल का निरीक्षण करने पहुंचे हुए थे। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने को कहा।


ओकओवर में भी तैयार हो रहा हाल
सूचना के अनुसार ऐसा ही एक हाल मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओकओवर में भी तैयार हो रहा है, जहां पर वह लोगों की समस्याएं सुनेंगे और हरेक से मिलेंगे। मुख्यमंत्री का रविवार को सचिवालय आने का प्रस्तावित शैड्यूल नहीं था, ऐसे में उन्हें यहां देख सुरक्षा कर्मी भी हैरत में पड़ गए।

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!