Edited By Vijay, Updated: 19 Aug, 2026 12:33 PM

हिमाचल प्रदेश के जिला चम्बा स्थित चुराह उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत खुशनगरी के जुकयानी क्षेत्र में बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
तीसा/चम्बा (सुभान दीन): हिमाचल प्रदेश के जिला चम्बा स्थित चुराह उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत खुशनगरी के जुकयानी क्षेत्र में बुधवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मृतक की पहचान नेगी राणा निवासी गांव गुड़ेश, तहसील चुराह के रूप में हुई है।
शव जिस संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ है, उसे देखकर इलाके में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों को आशंका है कि यह कोई सामान्य मौत नहीं है, बल्कि इसके पीछे किसी गहरी साजिश या वारदात का हाथ हो सकता है। वहीं मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत शव को अपने कब्जे में ले लिया है। मौत के असल कारणों का पता लगाने के लिए फोरैंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। फोरैंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल से अहम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रहे हैं। इसके साथ ही, पुलिस आसपास के लोगों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि मृतक की अंतिम समय की गतिविधियों और उससे जुड़े लोगों का सुराग मिल सके।
इस घटना की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ सलूणी, रंजन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस हत्या और हादसे सहित हर एंगल से मामले की बारीकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के असली कारणों से पर्दा उठ पाएगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें