Edited By Vijay, Updated: 01 Sep, 2019 11:16 PM
केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (एनडीआरएफ ) के तहत 64.49 करोड़ रुपए की राशि जारी की है। इसके लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि गत सर्दियों के मौसम के दौरान हुए नुक्सान की भरपाई व अन्य...
शिमला: केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (एनडीआरएफ ) के तहत 64.49 करोड़रुपए की राशि जारी की है। इसके लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि गत सर्दियों के मौसम के दौरान हुए नुक्सान की भरपाई व अन्य सहायता कार्यों के लिए जारी की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दूसरा अवसर है कि प्रदेश सरकार द्वारा सर्दियों में हुए नुक्सान के लिए इस प्रकार की राशि प्रदान की गई है। इससे पूर्व प्रदेश सरकार ने वर्ष 2014 में एनडीआरएफ के तहत सहायता राशि प्राप्त की थी।
केंद्र ने राज्य सरकार के आग्रह पर दीं हैलीकॉप्टर की सेवाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाहौल-स्पीति जिला में भारी बर्फबारी के कारण फंसे हुए स्थानीय लोगों तथा पर्यटकों को निकालने के लिए राज्य सरकार के आग्रह पर केंद्र सरकार द्वारा राज्य को हैलीकॉप्टर की सेवाएं तथा अन्य मदद भी प्रदान की गई थी। उन्होंने कहा कि 2018 में मानसून के दौरान हुए नुक्सान की भरपाई के लिए प्रदेश सरकार ने इस कोष के अंतर्गत 312 करोड़ रु पए की राशि प्राप्त की थी।
केंद्रीय टीम भेजने का आग्रह करेगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मानसून के दौरान भी प्रदेश में भारी नुक्सान हुआ है। इसके लिए राज्य सरकार ने 15 करोड़ की राशि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए जारी की ताकि प्रदेश की जनता को प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुक्सान से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुक्सान का आकलन करने के लिए केंद्रीय टीम को राज्य में भेजने का आग्रह किया जाएगा ताकि जल्द केंद्रीय सहायता प्राप्त की जा सके।