Edited By Ekta, Updated: 08 Nov, 2018 04:25 PM
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने कहा है कि भ्रष्टाचार के मामले में कांग्रेस पार्टी पर ग्रंथ लिखा जा सकता है। वीरवार को पंजाब केसरी टी.वी. के साथ बातचीत में कपूर ने कहा कि धड़ों में बंटी कांग्रेस के पास न कोई मुद्दा है और न ही कोई नीति है। कपूर...
ऊना (सुरेन्द्र): खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने कहा है कि भ्रष्टाचार के मामले में कांग्रेस पार्टी पर ग्रंथ लिखा जा सकता है। वीरवार को पंजाब केसरी टी.वी. के साथ बातचीत में कपूर ने कहा कि धड़ों में बंटी कांग्रेस के पास न कोई मुद्दा है और न ही कोई नीति है। कपूर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सरकार के खिलाफ क्या चार्जशीट लाएगी। पार्टी झूठ के बलबूते पर कोई भी इमारत खड़ी नहीं कर सकती है। झूठ के पुलिंदे पर चार्जशीट को नहीं लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी खुद भ्रष्टाचार की दलदल में धंसी हुई है। पार्टी का अतीत भ्रष्टाचार से भरा हुआ है। जहां-जहां भी कांग्रेस की सरकारें रही हैं वहां-वहां भ्रष्टाचार के नए आयाम स्थापित हुए हैं।
कपूर ने कहा कि सत्ता से बाहर कांग्रेस का हाल काफी खराब है। उनका कुनबा बिखरा हुआ है और हर नेता का अलग-अलग राग है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश व देश में सत्ता में आने के दिव्य स्वप्न देख रही है। जो हालत 2014 के चुनावों में कांग्रेस पार्टी की हुई थी वही 2019 के लोस चुनावों में होने वाली है। मंत्री ने कहा कि रस्म अदायगी के लिए कांग्रेस पार्टी सरकार पर रीढ़ विहीन या कमजोर सरकार होने के आरोप लगा रही है। सच्चाई यह है कि 10 माह के शासनकाल के दौरान जयराम सरकार ने प्रदेश की जनता को बड़ी राहत पहुंचाई है। कांग्रेस के शिगूफे अब किसी काम नहीं आएंगे।
प्रदेश की सरकार ने न केवल बुजुर्गों को पैंशन देने के लिए उनकी आयु सीमा 70 वर्ष की है बल्कि स्वाबलम्बन योजना और महिलाओं को गैस सिलैंडर देने जैसे अनेक कल्याणकारी कदम उठाए हैं। तमाम योजनाओं को धरती पर लाकर खड़ी कर दी हैं। इसका आम जनमानस को लाभ पहुंच रहा है। कपूर ने कहा कि सरकार ने डिपुओं में राशन की क्वालिटी को जहां एक तरफ सुधारा है। वहीं इसके दामों को भी काफी कम किया गया है। अब डिपुओं में उच्च क्वालिटी का सामान मिल रहा है।
सरकार को इस वर्ष 112 करोड़ रुपए की बचत इसलिए होगी क्योंकि तमाम चीजों की खरीद में पारदर्शिता लाई गई है। भ्रष्टाचार को पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस बार कांगड़ा से लोकसभा का प्रत्याशी कौन होगा, इसका फैसला पार्टी हाईकमान करेगी लेकिन जो भी प्रत्याशी होगा वह हर हाल में चुनाव जीतेगा। प्रदेश की चारों सीटें भाजपा जीतकर कांग्रेस को विस चुनावों की तर्ज पर पराजित करेगी। कांग्रेस पार्टी के तमाम सपने धराशायी होंगे और इसके आरोप-प्रत्यारोप औंधें मुंह गिरेंगे। कपूर के साथ इस दौरान रेलवे बोर्ड के सदस्य हरिओम भनोट, मीडिया प्रभारी राजकुमार पठानिया सहित अन्य नेता भी मौजूद थे।