Edited By Ekta, Updated: 16 Nov, 2018 09:48 AM
पहाड़ों पर अब बर्फबारी के दौरान भी बी.एस.एन.एल. की सेवाएं नहीं चरमराएंगी। बी.एस.एन.एल. प्रबंधन ने समस्त फील्ड स्टाफ को इस संबंध में समय रहते उचित व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही बी.एस.एन.एल. के ग्राहकों की संख्या में इजाफा करने...
शिमला (हैडली): पहाड़ों पर अब बर्फबारी के दौरान भी बी.एस.एन.एल. की सेवाएं नहीं चरमराएंगी। बी.एस.एन.एल. प्रबंधन ने समस्त फील्ड स्टाफ को इस संबंध में समय रहते उचित व्यवस्था करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही बी.एस.एन.एल. के ग्राहकों की संख्या में इजाफा करने के लिए निगम द्वारा डाटा भूख बढ़ाओ अभियान भी शुरू किया है जिसके चलते अधिक उपभोक्ता भारतीय दूरसंचार कंपनी के साथ जुड़ सकें।
वर्तमान में डाटा प्रयोग की बढ़ती मांग को देखते हुए बी.एस.एन.एल. ने अपने डाटा दरों में भारी कटौती की है। हाल ही में शिमला दूरसंचार जिला में निगम ने 61 नए 3 जी मोबाइल बी.टी.एस. लगाए हैं जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं दी जा सकें। दूरसंचार जिला के महाप्रबंधक एम.सी. सिंह ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि गांव के लोगों को भी अब अधिक डाटा की आवश्यकता रहती है, ऐसे में ग्रामीण स्तर पर ग्राहकों को वर्तमान डाटा प्लान के बारे में पूरी जानकारी दी जानी चाहिए।