Edited By Vijay, Updated: 19 Oct, 2018 10:27 PM
सुपर स्टार बॉलीवुड अभिनेता सन्नी दयोल ने शुक्रवार को मनाली के बटाहर गांव में अपना 63वां जन्मदिन मनाया। सन्नी दयोल ने स्थानीय पंडित से पूजा-पाठ करवाया और सुख-समृद्धि के लिए हवन-पाठ भी किया।
मनाली: सुपर स्टार बॉलीवुड अभिनेता सन्नी दयोल ने शुक्रवार को मनाली के बटाहर गांव में अपना 63वां जन्मदिन मनाया। सन्नी दयोल ने स्थानीय पंडित से पूजा-पाठ करवाया और सुख-समृद्धि के लिए हवन-पाठ भी किया। मनाली-कुल्लू के लोगों के दिलों में खास जगह बनाने वाले सन्नी ने लगातार तीसरी बार मनाली में ही अपना जन्मदिन मनाया। सन्नी दयोल अपने जन्मदिन पर केक नहीं काटते बल्कि पूजा-पाठ व हवन कर बच्चों संग समय बिताते हैं। वे पूजा-पाठ करने के बाद आज अपने कॉटेज में ही रहे और जन्मदिन के चलते आज शूटिंग पर भी नहीं गए।
मनाली में फिल्म सिटी बनाने की भी योजना
सन्नी दयोल के कुल्लू-मनाली से लगाव के कारण ही वे मनाली में फिल्म सिटी बनाने की भी योजना बना रहे हैं। गौर हो कि सन्नी दयोल अपने बेटे कर्ण दयोल के लिए पल-पल दिल के पास फिल्म बना रहे हैं। सन्नी दयोल ने पल-पल दिल के पास फिल्म को लेकर बर्फ से लदे चंद्रताल, चंद्रभागा पीक, रोहतांग व धुंधी जोत सहित हामटा जोत को कैमरे में कैद किया है। अधिकतर शूटिंग पूरी कर ली गई है, जबकि कुछ दिनों की शूटिंग शेष रह गई है। विक्रम ने बताया कि सन्नी दयोल के दशहरा पर्व में भी शिरकत करने का कार्यक्रम है।