Edited By Vijay, Updated: 19 Jul, 2026 07:20 PM

पांवटा साहिब के यमुना घाट पर रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार सुबह यमुना नदी में पानी छोड़े जाने से जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिसके चलते घाट पर तैनात गोताखोरों की टीम पूरी तरह अलर्ट थी।
पांवटा साहिब (कपिल): पांवटा साहिब के यमुना घाट पर रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार सुबह यमुना नदी में पानी छोड़े जाने से जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिसके चलते घाट पर तैनात गोताखोरों की टीम पूरी तरह अलर्ट थी। इसी दौरान गोताखोरों को सूचना मिली कि नदी में एक शव बहता हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही गोताखोर सुरक्षा उपकरणों और ट्यूब की सहायता से नदी में उतरे तथा कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाल लिया। इसके बाद तुरंत पांवटा साहिब पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में भिजवा दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। प्रारंभिक अनुमान है कि शव उत्तराखंड क्षेत्र से बहकर यमुना के रास्ते पांवटा साहिब पहुंचा हो सकता है। पुलिस ने अज्ञात शव की पहचान के लिए आसपास के सभी थाना क्षेत्रों को सूचना भेज दी है और गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान किया जा रहा है। शव की पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें