Edited By Vijay, Updated: 11 Jun, 2019 05:07 PM
औद्योगिक क्षेत्र बुरांवाला में एक लोह उद्योग में सोमवार रात करीबन अढ़ाई बजे ब्लास्ट होने से उद्योग की भट्टी के पास काम कर रहे 5 लोग बुरी तरह से घायल हो गए जबकि कई अन्य कामगारों को चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार उक्त उद्योग में रात को अढ़ाई बजे इतना...
मानपुरा (संजीव बस्सी): औद्योगिक क्षेत्र बुरांवाला में एक लोह उद्योग में सोमवार रात करीबन अढ़ाई बजे ब्लास्ट होने से उद्योग की भट्टी के पास काम कर रहे 5 लोग बुरी तरह से घायल हो गए जबकि कई अन्य कामगारों को चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार उक्त उद्योग में रात को अढ़ाई बजे इतना बड़ा धमाका हुआ कि साथ लगते गांवों के लोग भी जाग गए व अपने घरों छतों पर चढ़ गए। बाद में लोगों को पता चला कि यह धमाका साथ लगते लोहा उद्योग की भट्ठी में हुआ है। उद्योग की भट्ठी में पिघलाने के लिए जब कामगार कच्चा माल डाल रहे थे तो भट्ठी में कोई ऐसा ज्वलनशील पदार्थ चला गया जिसके बाद धमाका हो गया। इस कारण भट्ठी से लोहे के कण दूर-दूर जाकर गिरे। इस हादसे में भट्ठी के नजदीक काम कर रहे 5 कामगार पप्पु, श्याम बहादुर, ओम प्रकाश, सुरिंद्र व हरजीत बुरी तरह से झुलस गए जबकि कई अन्य कामगार भी घायल हुए हैं।
3 कामगार पी.जी.आई. किए रैफर
पप्पु, श्याम बहादुर व ओम प्रकाश की हालत ज्यादा खराब होने के चलते उन्हें पी.जी.आई. चंडीगढ़ भेजा गया है जबकि 2 अन्य कामगारों सुरिंद्र व हरजीत को झाड़माजरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां उन्हें आई.सी.यू. में रखा गया है। रात को अढ़ाई बजे बरोटीवाला पुलिस को लैब इंचार्ज राज कुमार ने धमाका होने की सूचना दी। मौके पर पहुंच कर पुलिस ने सारे घटनाक्रम की जानकारी ली व कुछ लोगों के बयान दर्ज किए। ए.एस.पी. बद्दी एन. के. शर्मा का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर भेज दी गई थी व उद्योग के खिलाफ लापरवाही का विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
ई.एस.आई. अस्पताल में भर्ती नहीं करवाए कामगार
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के पास काठा में 150 बिस्तर का ई.एस.आई.सी. अस्पताल होने के बावजूद उद्योग में झुलसे कामगारों को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया जबकि उद्योग से ई.एस.आई.सी. अस्पताल की दूरी ज्यादा नहीं है व वहां इन कामगारों का सारा इलाज मुफ्त में होना था बशर्ते उद्योग ने कामगारों को ई.एस.आई.सी. की सुविधा मुहैया करवाई हो।
धमाके होना आम बात लेकिन यह बड़ा धमाका
पंचायत बरोटीवाला के उपप्रधान हितेंद्र शर्मा का कहना है कि बरोटीवाला व इसके आसपास के क्षेत्र के लोह उद्योगों में छोटे-मोटे धमाके होना आम बात है लेकिन यह बहुत बड़ा धमाका था जिसमें 5 कामगार बुरी तरह से झुलसे हैं। यह धमाका उनकी पंचायत में काफी दूर तक सुनाई दिया। इस प्रकार के उद्योगों में कामगारों के सुरक्षा उपकरणों का खास ध्यान रखा जाना चाहिए।