Edited By Punjab Kesari, Updated: 04 Sep, 2017 01:41 PM
भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्षा रशिमधर सूद ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को कुर्सी छोड़कर मैदान में आने की चुनौती दी है।
मंडी (नीरज): भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्षा रशिमधर सूद ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को कुर्सी छोड़कर मैदान में आने की चुनौती दी है। मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान सूद ने कहा कि वीरभद्र को रजवाड़ा शाही छोड़कर जनता के बीच आना चाहिए और उसी से इस बात का पता चल जाएगा कि सीएम की कितनी लोकप्रियता बची हुई है। उन्होंने कहा कि कोटखाई केस ने प्रदेश का नाम देश भर में शर्मसार किया है और इसके लिए सरकार ही जिम्मेवार रही है। उन्होंने कहा कि पूरा प्रदेश एक परिवार की तरह होता है और सीएम उस परिवार का मुखिया होता है। लेकिन मुखिया ने इस मामले पर बिल्कुल भी संजीदगी नहीं दिखाई और सरकार के नीचे काम करने वाला पुलिस विभाग आरोपियों को बचाने में लगा रहा है।
सीएम को कुर्सी छोड़कर जनता के बीच आकर अपनी लोकप्रियता मापनी चाहिए
उन्होंने कहा कि इन हालातों के चलते अब सीएम को कुर्सी छोड़कर जनता के बीच आकर अपनी लोकप्रियता मापनी चाहिए। रशिमधर सूद ने कहा कि महिला मोर्चा में 50 प्रतिशत महिलाएं चुनाव लड़ने और जीतने में पूरी तरह से सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को भी इस बात का पता है और संगठन महिलाओं की भागीदारी से भी अनभिज्ञ नहीं है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा अधिक से अधिक महिलाओं को टिकट दिलाने की पैरवी करेगा और संगठन से यह मांग उठाएगा कि महिलाओं को भी पूरा मौका दिया जाए। इस मौके पर उनके साथ प्रदेश भाजपा सचिव पायल वैद्य, भाजपा के जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुमन ठाकुर और बल्ह महिला मोर्चा की अध्यक्ष प्रियंता शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।