Edited By Kuldeep, Updated: 07 May, 2018 06:47 PM
भोरंज उपमंडल के अंतर्गत मुंडखर गांव की 27 वर्षीय महिला की जहर खाने से मौत हो गई।
भोरंज : भोरंज उपमंडल के अंतर्गत मुंडखर गांव की 27 वर्षीय महिला की जहर खाने से मौत हो गई। भोरंज पुलिस के अनुसार रविवार शाम के समय मुंडखर गांव की रजनी देवी (27) पत्नी संजय कुमार जहर खाने के बाद जाहू में एक मोबाइल की दुकान में पहुंची। दुकानदार ने जब महिला को देखा तो उसको उल्टियां लगी हुई थीं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। दुकानदार ने उसे भोरंज अस्पताल में पहुंचाया परंतु जैसे ही अस्पताल में डाक्टर ने उसका चैकअप किया तो वह मृत पाई गई। महिला के मायके भोरंज उपमंडल के भुक्कड़ गांव में हैं। महिला के जहर खाने से हुई मौत के बारे में उसके मायके और ससुराल वालों को सूचना देने पर अस्पताल में सभी लोग पहुंच गए। महिला द्वारा जहर खाने के कारणों का कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने महिला का शव हमीरपुर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार वालों को दे दिया है। भोरंज एस.एस.ओ. राजीव कुमार लखनपाल ने मुंडखर गांव की रजनी देवी की जहर खाने से हुई मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि महिला का शव पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामला दर्ज कर महिला द्वारा जहर खाने के कारणों की छानबीन की जा रही है।