Edited By Vijay, Updated: 05 Jan, 2019 03:19 PM
प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल आई.जी.एम.सी. में आने वाले 2 दिनों में परेशानी से गुजरना पड़ सकता है। आई.जी.एम.सी. में आऊटसोर्स पर तैनात 500 कर्मचारी 8 और 9 जनवरी को 2 दिन की हड़ताल पर जा रहे हैं। इसके चलते 2 दिन तक हिमाचल के सबसे बड़े अस्पताल की...
शिमला (राजीव): प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल आई.जी.एम.सी. में आने वाले 2 दिनों में परेशानी से गुजरना पड़ सकता है। आई.जी.एम.सी. में आऊटसोर्स पर तैनात 500 कर्मचारी 8 और 9 जनवरी को 2 दिन की हड़ताल पर जा रहे हैं। इसके चलते 2 दिन तक हिमाचल के सबसे बड़े अस्पताल की व्यवस्थाएं चरमरा सकती हैं। आऊटसोर्स कर्मचारी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मुताबिक समान काम का समान वेतन, ठेके और आऊटसोर्स पर भर्ती बंद करने, नियमित कर्मचारियों को मिलने वाले लाभ देने और छुट्टियां, पैंशन, ग्रैच्युटी, ई.पी.एफ. और बोनस मांग रहे हैं। आऊटसोर्स कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से कोई फैसला न होने के कारण देशव्यापी हड़ताल पर जा रहे हैं और इसका असर हिमाचल में भी देखने को मिलेगा।
अस्पताल प्रशासन ने कंपनी को दिए व्यवस्था के निर्देश
हालांकि कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से अस्पताल प्रशासन ने कंपनी को व्यवस्था के निर्देश जारी किए हैं। आई.जी.एम.सी. के एम.एस. डा. जनकराज ने कहा कि उन्हें आऊटसोर्स कर्मचारियों की तरफ से हड़ताल पर जाने को लेकर पत्र मिला है, जिसको देखते हुए कंपनी को कर्मचारियों से बात कर मांगें मानने को कहा है और यदि हड़ताल पर कर्मचारी जाते हैं तो कंपनी को व्यवस्था करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि हड़ताल के दौरान काम को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।