Edited By Vijay, Updated: 17 Jan, 2019 09:52 PM
देशभर में ग्रामीण हट्स को ग्रामीण कृषि मंडियों के रूप में विकसित किया जा रहा है ताकि 86 प्रतिशत से अधिक छोटे तथा सीमांत किसानों के हितों की देखरेख की जा सके। ई-नाम के साथ इलैक्ट्रॉनिक तौर पर जुड़ी ग्रामीण कृषि मंडियां किसानों को अपना माल सीधे...
नादौन: देशभर में ग्रामीण हट्स को ग्रामीण कृषि मंडियों के रूप में विकसित किया जा रहा है ताकि 86 प्रतिशत से अधिक छोटे तथा सीमांत किसानों के हितों की देखरेख की जा सके। ई-नाम के साथ इलैक्ट्रॉनिक तौर पर जुड़ी ग्रामीण कृषि मंडियां किसानों को अपना माल सीधे उपभोक्ताओं और बड़े खरीददारों को बेचने की सुविधा भी प्रदान करेंगी। यह जानकारी सांसद अनुराग ठाकुर ने वीरवार को कृषि विज्ञान केंद्र बड़ा में आतमा प्रोजैक्ट के तहत आयोजित एकदिवसीय जिला स्तरीय कृषि जागरूकता शिविर में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत हर खेत को पानी पहुंचाने के लिए 5 वर्षों में 50,000 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस योजना के तहत 28 लाख हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था उपलब्ध करवाई जाएगी ताकि कृषि उत्पाद में बढ़ौतरी के साथ किसानों की आमदनी में भी इजाफा हो।
किसान समृद्ध होगा तभी सशक्त देश का निर्माण संभव
उन्होंने कहा कि देश का किसान समृद्ध होगा तभी सशक्त देश का निर्माण संभव है। इस दौरान एच.आर.टी.सी. के उपाध्यक्ष विजय अग्रिहोत्री ने कहा कि हमीरपुर जिला के किसानों को नकदी फसलों की ओर कदम बढ़ाने चाहिए। जिला में कृषि की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग के अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर किसानों की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित निवारण सुनिश्चित बनाना चाहिए ताकि किसान सरकारी योजनाओं का सही तरीके से लाभ उठा सकें।
वीरभद्र-सुक्खू की लड़ाई से लटके रहे कई अहम प्रोजैक्ट
अनुराग ठाकुर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू की आपसी लड़ाई में गत 5 वर्षों में नादौन मैडीकल कॉलेज सहित कई अहम प्रोजैक्ट लटके रहे। पूर्व कांग्रेस सरकार गत 5 वर्षों में इन योजनाओं के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र तक उपलब्ध नहीं करवा पाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भी भाजपा सरकार का गठन होते ही क्षेत्रभर की लटकी हुई कई बड़ी योजनाओं को अमलीजामा पहनाया गया, जिनमें मुख्यत: केंद्रीय वि.वि. व मैडीकल कालेज सहित अन्य प्रोजैक्ट शामिल हैं। महागठबंधन के बारे उन्होंने कहा कि यह गठबंधन नहीं बल्कि अपना-अपना राजनीतिक अस्तित्व बचाने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह सत्य और झूठ की लड़ाई है।