Edited By Ekta, Updated: 12 May, 2019 10:17 PM
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बिलासपुर के लुहणू मैदान में हमीरपुर से प्रत्याशी अनुराग ठाकुर के पक्ष में वोट मांगने के लिए पहुंचे। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अनुराग को एक बार फिर सांसद बनाए, इसे बड़ा नेता बनाने की जिम्मेदारी मेरी...
बिलासपुर: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बिलासपुर के लुहणू मैदान में हमीरपुर से प्रत्याशी अनुराग ठाकुर के पक्ष में वोट मांगने के लिए पहुंचे। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अनुराग को एक बार फिर सांसद बनाए, इसे बड़ा नेता बनाने की जिम्मेदारी मेरी है। परमवीर चक्र विजेता संजय कुमार और पुलवामा हमले में शहीद तिलक राज को प्रणाम कर अमित शाह ने अपना भाषण शुरू किया। शाह ने कहा कि प्रदेश ने देश को वीर सपूत दिए हैं। देश मे गर्मी बढ़ी तो राहुल गांधी विदेश रवाना हो गए। हैरानी इस बात की है छुट्टी पर जाते हैं तो उनकी मां को भी पता नहीं कहां गए हैं। अमित शाह ने कहा कि पाकिस्तान से गोली आई तो यहां से गोला जाएगा। 1990 से देश आतंकवाद झेल रहा था।
उन्होंने कहा कि चुनाव आते हैं और जाते हैं। चुनावों में हार-जीत भी चली रहती है लेकिन भाजपा देश की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि मोदी को 5 साल और मिलने पर देश को जहां महाशक्ति बनाया जाएगा, वहीं जम्मू-कश्मीर में धारा 370 को समाप्त किया जाएगा। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस विभक्त है और कांग्रेस को उसके ही लोग हराने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के राहुल गांधी देश से अफस्पा हटाने की बात कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक देश में भाजपा की सरकार है, तब तक भारत माता के टुकड़े नहीं होंगे और देशद्रोहियों की जगह सलाखों के पीछे होगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आजकल राहुल गांधी को किसी ने यह सलाह दी है कि जोर से चिल्लाने पर ज्यादा वोट मिलते हैं। इसलिए आजकल वह जोर-जोर से चिल्लाकर नरेंद्र मोदी का नाम ले रहे हैं।
उन्होंने महागठबंधन को मिलावटी गठबंधन करार दिया तथा कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार के 5 साल नेहरू-गांधी शासनकाल पर भारी पड़ेंगे। उन्होंने चुनौती दी कि राहुल गांधी इस पर किसी चौराहे पर बात कर लें। भाजयुमो का पदाधिकारी ही उन्हें इसका एहसास करवा देगा। अमित शाह ने इस दौरान बिलासपुर को मिले एम्स, हाईड्रो इंजीनियरिंग कालेज, भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन, देहरा सैंट्रल यूनिवर्सिटी, ऊना को मिले पी.जी.आई. सैटेलाइट सैंटर व आई.आई.आई.टी. का भी गुणगान किया।