Edited By Vijay, Updated: 20 Aug, 2026 04:43 PM

छात्र संघ चुनाव बहाल करने और फीस बढ़ौतरी के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का गुस्सा वीरवार को सड़कों पर फूट पड़ा। मंडी में डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे एबीवीपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच भारी झड़प हो गई।
मंडी (रजनीश): छात्र संघ चुनाव बहाल करने और फीस बढ़ौतरी के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का गुस्सा वीरवार को सड़कों पर फूट पड़ा। मंडी में डीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे एबीवीपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच भारी झड़प हो गई। मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने को लेकर दोनों पक्षों में हुई इस तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की में कुछ कार्यकर्ताओं को चोटें भी आई हैं।
पुतला छीनने पर मची अफरा-तफरी, 4 कार्यकर्ता हिरासत में
जानकारी के अनुसार एबीवीपी कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर जिला मुख्यालय मंडी में डीसी कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए थे। प्रदर्शन के दौरान जैसे ही कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने के लिए आगे बढ़े, वहां पहले से तैनात पुलिस और क्विक रिस्पांस टीम के जवानों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर पुलिस और छात्रों के बीच भारी धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालात को बेकाबू होता देख पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया और उन्हें थाने ले गई।
पुलिस कार्रवाई के बावजूद सेरी मंच पर फूंका पुतला
पुलिस की इस सख्ती और साथियों को हिरासत में लिए जाने के बावजूद एबीवीपी कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध जारी रखा और सेरी मंच के समीप पहुंचकर मुख्यमंत्री का पुतला फूंक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
...तो करेंगे विधानसभा का घेराव : करण ठाकुर
इस मौके पर एबीवीपी के जिला संयोजक करण ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर छात्रों की अनदेखी का कड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनका संगठन पिछले एक महीने से लगातार अपनी जायज मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहा है, लेकिन सरकार कुंभकर्णी नींद सोई हुई है। करण ठाकुर ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रदेश सरकार ने जल्द ही छात्र संघ चुनाव बहाल करने और फीस वृद्धि का फैसला वापस नहीं लिया, तो एबीवीपी आने वाले दिनों में अपने आंदोलन को और उग्र करेगी तथा विधानसभा का घेराव करने से भी पीछे नहीं हटेगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें