Edited By Vijay, Updated: 23 Apr, 2018 12:19 AM
शिमला में महिला से दुराचार करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गोलपरी (ग्वालियर) से पकड़ लिया है। एक दिन पहले शिमला पुलिस को सुराग मिले थे कि दुराचार का आरोपी ग्वालियर में घूम रहा है....
शिमला: शिमला में महिला से दुराचार करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गोलपरी (ग्वालियर) से पकड़ लिया है। एक दिन पहले शिमला पुलिस को सुराग मिले थे कि दुराचार का आरोपी ग्वालियर में घूम रहा है, ऐसे में पुलिस ने पहले तो ग्वालियर की पुलिस को इसकी सूचना दी फिर इसके बाद रविवार सुबह ग्वालियर से दिनेंद्र मौर्या नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी का ग्वालियर में घर है। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से दबोचा है। पुलिस उसे जल्द ही शिमला लाएगी और मामले की जांच कर दुराचार करने की सच्चाई का पता लगाएगी।
नाहते हुए बना लिया था वीडियो
बता दें कि बालूगंज थाने के तहत शिमला की रहने वाली एक महिला ने दुराचार करने का मामला दर्ज करवाया है। महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी उसके बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता था। दुराचार का यह मामला रामनगर क्षेत्र का है। महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसके बच्चों को पढ़ाने वाले एक ट्यूटर ने उसे ब्लैकमेल कर उसका यौन शोषण किया है। महिला के मुताबिक आरोपी ने उसका चुपके से नाहते हुए वीडियो बना डाला था। इसके बाद उसको ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और उसे यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया।
एक साल से करता रहा यौन शोषण
महिला के मुताबिक बीते करीब एक साल से आरोपी इस आधार पर उसका यौन शौषण कर रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी ने उसके साथ कई बार मारपीट करने की भी कोशिश की है। वहीं इसका खुलासा करने पर महिला को जान से मारने की धमकी दी। बीते कुछ दिन पहले भी वह उसके घर में जबरन घुसा और उसके साथ दरिंदगी की, ऐसे में महिला को पुलिस में शिकायत करनी पड़ी है।
आरोपी का मोबाइल फोन खंगाल सकती है पुलिस
पुलिस आरोपी को शिमला लाकर पूछताछ करेगी। क्या सच में महिला का आरोपी ने वीडियो बनाया था, इसकी भी पुलिस जांच कर रही है। वीडियो के पुख्ता सबूत जुटाने के लिए पुलिस आरोपी का मोबाइल फोन भी खंगाल सकती है। ए.एस.पी. शिमला प्रवीर ठाकुर ने आरोपी के गिरफ्तार होने की पुष्टि की है।