Edited By Vijay, Updated: 18 Nov, 2020 04:26 PM
युवा कांग्रेस नेता अभिषेक राणा ने कहा कि कांगड़ा के कोटला बेहड़ में जनसभा में एक ही मंच पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के बीच तीखे कटाक्ष हुए।
हमीरपुर (ब्यूरो): युवा कांग्रेस नेता अभिषेक राणा ने कहा कि कांगड़ा के कोटला बेहड़ में जनसभा में एक ही मंच पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के बीच तीखे कटाक्ष हुए। एक ही पार्टी से नाता रखने वाले दोनों नेतागण एक-दूसरे पर तीखे बाण चलाते हुए लड़ते नजर आए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और केंद्रीय राज्य मंत्री जिस तरह से आपस में आरोप लगा रहे थे यह देख जनसभा में मौजूद क्षेत्र के लोग और पार्टी के कार्यकर्ता भी हतप्रभ रह गए।
उन्होंने बताया कि बीते दिनों भाजपा के ही स्टूडैंट विंग एबीवीपी के छात्रों ने भी अनुराग ठाकुर के खिलाफ आवाज उठाई थी, जिससे यह साफ है कि पार्टी कार्यकर्ता ही अपनी पार्टी की नीतियों से संतुष्ट नहीं हैं और जब पार्टी कार्यकर्ताओं का यह हाल है तो समझ लीजिए आम जनता का क्या हाल होगा। सरकार जिस तरह जनता और विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है, इससे प्रदेश शिखर की ओर नहीं बल्कि बेरोजगारी और गरीबी की ओर जा रही है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की इस सरकार ने तो प्रदेश की प्रगति की ही रफ्तार पर ब्रेक लगा दी है। जिस सरकार में मंत्री किसी भी बात को गंभीर रूप से नहीं लेते उस सरकार में ऐसे ही आरोप प्रत्यारोप लगते हैं। धीरे-धीरे पार्टी के कार्यकर्ताओं, नेताओं और मंत्रियों का ही पार्टी की नीतियों से मोहभंग हो रहा है जो यह दर्शाता है कि सरकार देश और प्रदेश को पारस्परिक समन्वय से चलाने में असमर्थ है और ऐसी सरकार जनता की मजबूरियों जरूरतों और परेशानियों को क्या समझेगी।