Edited By Vijay, Updated: 05 Aug, 2026 10:03 PM

हिमाचल प्रदेश के पुलिस जिला देहरा ने नकदी और आभूषणों के एक बहुचर्चित गबन मामले को सुलझाते हुए बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में ससुराल पक्ष द्वारा रची गई साजिश का पर्दाफाश करते हुए अब तक 2 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति बरामद की...
देहरा (सेठी): हिमाचल प्रदेश के पुलिस जिला देहरा ने नकदी और आभूषणों के एक बहुचर्चित गबन मामले को सुलझाते हुए बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में ससुराल पक्ष द्वारा रची गई साजिश का पर्दाफाश करते हुए अब तक 2 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति बरामद की है। मामले में ससुराल पक्ष के 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। देहरा के एसपी संदीप धवल ने बुधवार को एक पत्रकार वार्ता के दौरान इस पूरे मामले से पर्दा उठाया।
पुलिस के अनुसार इस संबंध में 29 जून 2026 को रक्कड़ पुलिस थाना में एफआईआर (संख्या 36/2026) दर्ज की गई थी। गांव मोवा निवासी शिकायतकर्ता अविनाश ने पुलिस को बताया था कि वह वर्ष 2013 से 2025 तक दुबई में बतौर सेल्स एग्जीक्यूटिव काम करता था। इस दौरान उसने अपनी गाढ़ी कमाई से सोना, हीरे के आभूषण खरीदे और बैंक से करीब अढ़ाई करोड़ रुपए की नकदी निकालकर सुरक्षित रखने के लिए अपने ससुराल पक्ष को सौंप दी थी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक 10 मार्च 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे बिना बताए उसकी नकदी, आभूषण, पासपोर्ट, जमीन के दस्तावेज और डॉलर किसी दूसरी जगह शिफ्ट कर दिए। जब उसने इस बारे में पूछा तो ससुराल वालों ने कहानी गढ़ी कि कोई अज्ञात लोग सारा सामान लेकर फरार हो गए हैं। जांच को भटकाने के लिए ससुराल पक्ष ने गुजरात पुलिस और अन्य जांच एजेंसियों द्वारा की गई छापेमारी की एक भ्रामक कहानी भी गढ़ी। जब देहरा पुलिस ने संबंधित एजेंसियों से इसके तथ्य जांचे, तो यह कहानी पूरी तरह से फर्जी निकली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी संदीप धवल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरपी जसवाल और एसडीपीओ ज्वालामुखी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और ह्यूमन इंटेलिजेंस (ह्यूमन सोर्स) के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया, जिसमें ससुराल पक्ष के बयान झूठे पाए गए और साजिश की परतें खुलती चली गईं।
इस खुलासे के बाद पुलिस ने ससुराल पक्ष से जुड़े 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें डेराबस्सी (चंडीगढ़ क्षेत्र) से जुड़े 2 आरोपी भी शामिल हैं, वहीं 2 अन्य आरोपी फिलहाल अंतरिम जमानत पर हैं, जिनसे पूछताछ जारी है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अब तक 90 लाख रुपए नकद, 1 किलो 324 ग्राम सोने के आभूषण, हीरे व चांदी के जेवर, 801 अमेरिकी डॉलर, खाली बैग/ब्रीफकेस, शिकायतकर्ता व उसकी पत्नी के पासपोर्ट तथा जमीन के दस्तावेज बरामद कर लिए हैं।
एसपी संदीप धवल ने बताया कि मामले में अब तक 50 से 60 प्रतिशत संपत्ति की रिकवरी हो चुकी है और शेष नकदी व आभूषण भी जल्द इन्हीं आरोपियों से बरामद होने की उम्मीद है। हालांकि, पुलिस अब इस मामले के एक और अहम पहलू की जांच कर रही है। शिकायतकर्ता द्वारा बताए गए इतने बड़े पैमाने के धन और आभूषणों के स्रोत, उनके आयकर रिटर्न और खरीद संबंधी बिलों/दस्तावेजों की भी गहनता से जांच की जा रही है, ताकि इस पूरे मामले की मुकम्मल सच्चाई सामने आ सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें