Edited By Ekta, Updated: 20 Aug, 2018 04:32 PM
4 स्टेट, एक मिशन, ड्रग्स पैडलर का खात्मा। इसी उद्देश्य को लेकर नशे के बढ़ते अवैध कारोबार के खिलाफ 4 राज्यों हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा व उत्तराखंड की सरकारें सांझी रणनीति तैयार करेंगी। इसके तहत सोमवार को उक्त चारों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की एक...
शिमला (राक्टा): 4 स्टेट, एक मिशन, ड्रग्स पैडलर का खात्मा। इसी उद्देश्य को लेकर नशे के बढ़ते अवैध कारोबार के खिलाफ 4 राज्यों हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा व उत्तराखंड की सरकारें सांझी रणनीति तैयार करेंगी। इसके तहत सोमवार को उक्त चारों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की एक अहम बैठक चंडीगढ़ में होगी। बैठक में हिमाचल से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित मुख्य सचिव विनीत चौधरी, गृह सचिव बी.के. अग्रवाल, डी.जी.पी. एस.आर. मरड़ी व मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव संजय कुंडू सहित अन्य अधिकारी भाग लेंगे।
बैठक में राज्यों की सीमा पर पनप रहे नशे के अवैध कारोबार अर्थात अंतर्राज्यीय ड्रग्स गिरोह तथा ड्रग्स पैडलर को समाप्त करने के लिए योजना तैयार की जाएगी। विशेष है कि जिस तरह से आज की युवा पीढ़ी सिंथैटिक ड्रग्स, चिट्टा, हैरोईन व कोकीन सहित अन्य मादकों के जाल में फंस रही है, उससे चारों राज्यों की सरकारें खासी चिंतित हैं। पड़ोसी राज्य पंजाब के बाद पहाड़ी प्रदेश हिमाचल की युवा पीढ़ी भी नशे के जाल में फंस रही है। प्रदेश में नशे का यह अवैध कारोबार सीमावर्ती क्षेत्रों से अधिक होता है। प्रदेश में सिंथैटिक ड्रग्स पड़ोसी राज्यों से ही आते हैं। ड्रग्स पैडलर एक राज्य की पुलिस से बचने के लिए पड़ोसी राज्यों की सीमा में चले जाते हैं। इससे जहां इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती है, वहीं ये कानून के शिकंजे से भी आसानी से बच जाते हैं।
पंजाब के सी.एम. की पहल, जयराम ठाकुर के प्रयास लाए रंग
पड़ोसी राज्य पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने ड्रग तस्करी पर नकेल कसने के मकसद से हिमाचल सहित अन्य पड़ोसी राज्यों को इस मुद्दे पर कारगर पहल करने को लेकर पत्र लिखा था। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस पहल का स्वागत किया था। उन्होंने कहा था कि इस संबंध में राज्य सरकारों को एकजुट होकर काम करना होगा ताकि सार्थक परिणाम सामने आ सकें। इसके तहत उन्होंने पड़ोसी राज्यों के साथ पत्राचार भी किया था। इस कड़ी में पड़ोसी 4 राज्यों की बैठक हो रही है।
संयुक्त गश्त के साथ सूचनाओं का करें आदान-प्रदान
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पड़ोसी राज्यों से होती मादक द्रव्यों की तस्करी को गंभीरता से लिया है। इसी कड़ी में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त गश्त करें और अंतर्राज्यीय तस्करों की सूचना का आदान-प्रदान करें।
हरियाणा निवास में सवा 11 बजे होगी बैठक
बैठक में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोमवार को सुबह 10 बजे हवाई मार्ग से चंडीगढ़ जाएंगे। चंडीगढ़ में हरियाणा निवास में करीब सवा 11 बजे उत्तरी राज्यों के मुख्यमंत्रियों व आलाधिकारियों की बैठक होगी।
एक्ट में संशोधन करने जा रही सरकार
राज्य सरकार ने नशाखोरी के साथ-साथ नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त तस्करों पर नकेल कसने के उद्देश्य से एन.डी.पी.एस. एक्ट में आवश्यक संशोधन करने का फैसला लिया है। संशोधन के बाद सरकार इस कानून के प्रावधानों को और कड़ा कर सकती है।