Edited By Ekta, Updated: 29 May, 2018 09:27 AM
प्रदेश सरकार को बने 5 माह से ऊपर हो चुके हैं और मैंने कहा था कि प्रदेश सरकार के खिलाफ 150 दिनों तक कुछ नहीं बोलूंगा। अब 5 महीने के बाद प्रदेश में हालत बदतर हो गए हैं। कानून व्यवस्था, हत्याएं, छेड़छाड़ व पानी की प्रदेश में खासकर शिमला में कमी आदि...
कांगड़ा: प्रदेश सरकार को बने 5 माह से ऊपर हो चुके हैं और मैंने कहा था कि प्रदेश सरकार के खिलाफ 150 दिनों तक कुछ नहीं बोलूंगा। अब 5 महीने के बाद प्रदेश में हालत बदतर हो गए हैं। कानून व्यवस्था, हत्याएं, छेड़छाड़ व पानी की प्रदेश में खासकर शिमला में कमी आदि समस्याएं जो उजागर हुई हैं, वे सवालिया निशान पर आ गई हैं। मेरी तबीयत खराब होने पर भी मुझे आज इन हालात पर बोलने पर विवश होना पड़ा है। यह बात प्रदेश के पूर्व परिवहन, खाद्य एवं आपूर्ति व तकनीकी शिक्षा मंत्री जी.एस. बाली ने पत्रकार सम्मेलन में कही।
उन्होंने कहा कि 2017 में बलात्कार के 40 मामलों के मुकाबले अब तक 69 मामले, अपहरण के 63 के मुकाबले 102 मामले और चोरी के 125 के मुकाबले 183 मामलों के अतिरिक्त अन्य कई मामलों को लेकर कानून व्यवस्था की हालत चिंताजनक हुई है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से देवभूमि की हालत खराब हो रही है, उस पर प्रदेश के मुख्यमंत्री के लिए चेतावनी है और इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से शिमला के साथ-साथ अन्य जगहों पर पानी की समस्या के समाचार आ रहे हैं, यह चिंता की बात है। उन्होंने कहा कि इसके लिए पहले से ही योजनाएं बनाई जाती हैं, ताकि हालात से निपटा जा सके।
उन्होंने कहा कि ऐसे समाचारों से पर्यटक प्रदेश में आने से गुरेज करेंगे। इसके साथ ही सीमैंट व बिजली की दरों में बढ़ौतरी हुई है, उसे सरकार जल्द वापस ले। आज प्रदेश में बेरोजगारी का आंकड़ा 11 लाख से ऊपर चला गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हर वर्ष देश में एक करोड़ रोजगार देने की बात कही थी और प्रदेश सरकार इस पर श्वेत पत्र जारी करे कि हिमाचल के कितने लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश से पंजाब में 70 रुपए सीमैंट कम दाम में बिक रहा है, जबकि बिजली और सीमैंट प्रदेश में तैयार होकर बाहर जा रहा है। उन्होंने कहा कि 3 माह में अगर सरकार ने बढ़ी सीमैंट व बिजली की दरें, बेरोजगारी की समस्या और कानून व्यवस्था की समस्या को ठीक नहीं किया तो मुझे फिर से रथयात्रा के द्वारा प्रदेश में जाकर लोगों को जागरूक करना होगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष कांग्रेस सुमन वर्मा, नगरोटा ब्लाक कांगे्र्रस अध्यक्ष मान सिंह, रोशन खन्ना, वरिष्ठ पी.सी.सी. सदस्य अजय वर्मा और सुमित खन्ना सहित कई नेता मौजूद रहे।