Edited By Vijay, Updated: 06 Jan, 2019 10:05 PM
कुल्लू सदर पुलिस ने 2 तस्करों को हैरोइन की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस के अनुसार पहले मामले में सिटी...
कुल्लू (शम्भू): कुल्लू सदर पुलिस ने 2 तस्करों को हैरोइन की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस के अनुसार पहले मामले में सिटी चौकी पुलिस का दल टापू इलाके में गश्त पर था। इस दौरान पुल से होते हुए पैदल अखाड़ा बाजार की ओर आते युवक की शक के आधार पर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 17.1 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस चौकी ले आई। आरोपी की पहचान छेरिंग पुत्र केंगा राम निवासी पतलीकूहल के रूप में हुई है। सिटी चौकी प्रभारी नागदेव ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
भूतनाथ पुल के पास 7 ग्राम हैरोइन के साथ दबोचा युवक
दूसरे मामले में सदर पुलिस थाना की टीम भूतनाथ पुल के पास गश्त पर थी। इस दौरान एक युवक को शक के आधार पर तलाशी के लिए रोका गया तो उसके कब्जे से भी 7 ग्राम हैरोइन बरामद हुई। इस आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर सदर थाना लेकर आई है। दोनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। 7 ग्राम हैरोइन के साथ आरोपी को गिरफ्तार किए जाने की सब इंस्पैक्टर अजीत ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।
भुंतर व बजौरा में पकड़े आरोपी रिमांड पर भेजे
वहीं भुंतर और बजौरा में हैरोइन की खेप के साथ पकड़े मंडी व कांगड़ा के तीनों आरोपियों को पुलिस ने रविवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपियों को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी अमित, मोहित और अजय कुमार के कब्जे से पुलिस ने कुल 43 ग्राम हैरोइन बरामद की थी। अमित और मोहित मंडी जिला के बलद्वाड़ा के हैं जबकि आरोपी अजय कुमार धर्मशाला कांगड़ा का रहने वाला है। डी.एस.पी. हैड क्वार्टर आशीष शर्मा ने आरोपियों को रिमांड पर लिए जाने की पुष्टि की है।