सिरमौर के शिलाई में 2 सड़क हादसे, महिला की गई जान...10 लोग हुए घायल

Edited By Vijay, Updated: 29 May, 2026 11:11 PM

2 road accidents woman loses life 10 injured

जिला सिरमौर के शिलाई थाना क्षेत्र में हुए 2 अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पांवटा साहिब (कपिल): जिला सिरमौर के शिलाई थाना क्षेत्र में हुए 2 अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहला हादसा टिम्बी-कुराया मार्ग पर उस समय पेश आया, जब बोलेरो कैम्पर टिम्बी से कुराया की ओर जा रही थी। चढ़ाई वाले हिस्से में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते वाहन सड़क से करीब 10 से 15 मीटर नीचे ढलान में जा गिरा।

हादसे के समय वाहन में इन्द्र सिंह पुत्र सजनू, तारा देवी पत्नी इन्द्र सिंह, जीत सिंह पुत्र भोलर सिंह, लीला देवी पत्नी जीत सिंह निवासी गांव सताहन डाकघर सांगना तहसील संगड़ाह, केसो देवी पत्नी स्वर्गीय सुंदर सिंह, विनोद पुत्र इन्द्र सिंह, कुलदीप सिंह पुत्र अमर सिंह, शकुन्तला देवी पत्नी रघुवीर सिंह और कर्ण पुत्र रघुवीर सिंह निवासी गांव कुराया डाकघर क्यारी गुंडाह तहसील शिलाई सवार थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल शकुन्तला देवी, जीत सिंह और कर्ण को उपचार के लिए पांवटा साहिब भेजा गया, जबकि इन्द्र सिंह, तारा देवी, केसो देवी, विनोद, कुलदीप सिंह और लीला देवी को सिविल अस्पताल शिलाई पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने लीला देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य 8 घायलों का उपचार किया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बोलेरो कैम्पर चालक कुलदीप सिंह द्वारा वाहन से नियंत्रण खो देने के कारण यह हादसा हुआ। इस संबंध में पुलिस थाना शिलाई में केस दर्ज किया गया है।

दूसरा हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर उत्तरी के समीप पेश आया। पुलिस के अनुसार बोबी शर्मा निवासी गांव भाटगढ़, डाकघर पवान, तहसील चौपाल, जिला शिमला अपने पति अतर सिंह, भतीजे सुमित शर्मा और बच्चों शिवांश शर्मा व अनिरुद्ध शर्मा के साथ कार में पांवटा साहिब की ओर जा रही थीं। जब वाहन उत्तरी के समीप पहुंचा तो पांवटा साहिब की ओर से आ रही स्कूटी कथित रूप से तेज रफ्तारी और गलत दिशा में चलती हुई कार से टकरा गई। टक्कर के बाद स्कूटी चालक राकेश पुत्र शूपा राम और उसके पीछे बैठी पत्नी पूजा देवी निवासी गांव बौंच घायल हो गए। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने दाेनों मामलों की पुष्टि की है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!