Edited By Vijay, Updated: 19 Aug, 2018 03:54 PM
नालागढ़ के तहत गांव खरूणी में शिवालिक स्कूल के संचालक भगत राम सैणी की हत्या के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में करीब आधा दर्जन आरोपियों की संलिप्तता है।
बी.बी.एन.: नालागढ़ के तहत गांव खरूणी में शिवालिक स्कूल के संचालक भगत राम सैणी की हत्या के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में करीब आधा दर्जन आरोपियों की संलिप्तता है। मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस ने इस मामले को मोबाइल कॉल डिटेल व सी.सी.टी.वी. की फुटेज के आधार पर सुलझाया है लेकिन हत्या के कारणों का पुलिस अभी खुलासा नहीं कर रही है। इस मामले में शक के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ जारी है।
12-13 अगस्त की रात को दिया था वारदात को अंजाम
गौर रहे कि 12-13 अगस्त की रात को करीब 3 बजे अज्ञात हमलावरों ने भगत राम सैणी पर डंडे व रॉड आदि से वार कर हत्या कर दी थी और उसकी पत्नी को बुरी तरह से घायल कर दिया था, जिसका पी.जी.आई. चंडीगढ़ में इलाज चल रहा है।
ये 2 आरोपी किए गिरफ्तार
एस.पी. बद्दी रानी बिंदू सचदेवा ने बताया कि हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी गुरदेव सिंह पुत्र दलीप सिंह निवासी निहला खेड़ा, तहसील नालागढ़ को गिरफ्तार किया है, जिसे 7 दिन का पुलिस रिमांड मिला है। आरोपी गुरदेव सिंह की आपराधिक षड्यंत्र रचने में अहम भूमिका पाई गई है। वहीं ए.एस.पी. बद्दी एन.के. शर्मा ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में नरेंद्र सिंह पुत्र करनैल सिंह निवासी ठेड़ा, तहसील बद्दी को भी गिरफ्तार किया है, जिसको रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा।