Edited By Updated: 14 Oct, 2016 12:50 PM
हिमाचल प्रदेश की आगामी विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज करने के लिए ब्लाक कांग्रेस चिंतपूर्णी ने अभी से कदमताल करनी ...
अम्ब: हिमाचल प्रदेश की आगामी विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज करने के लिए ब्लाक कांग्रेस चिंतपूर्णी ने अभी से कदमताल करनी शुरू कर दी है। वीरवार को ब्लाक कांग्रेस कमेटी चिंतपूर्णी ने लोक निर्माण विभाग के अम्ब स्थित विश्रामगृह में बैठक की, जिसकी अध्यक्षता ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष मास्टर प्रीतम सिंह ने की जबकि राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार ने बैठक में विशेष रूप से शिरकत की।
बैठक में जहां आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति तय की गई, वहीं विधानसभा क्षेत्र को 6 सैक्टरों में बांटकर प्रत्येक सैक्टर को मजबूत करने पर बल दिया गया। राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव भाजपा द्वारा फैलाए जाने वाले झूठ व प्रदेश कांग्रेस सरकार द्वारा करवाए गए विकास के बीच लड़ा जाएगा।
भाजपा झूठे वायदे करने में माहिर है और जिस प्रकार भाजपा ने लोकसभा चुनावों में जनता को झूठे वायदे करके ठगा था, उसी प्रकार अब विधानसभा चुनावों में भी झूठ के सहारे सत्ता हासिल करने की फिराक में है। कांग्रेस कार्यकर्त्ता घर-घर पहुंच कर जनता को भाजपा की असलियत से वाकिफ करवाएं और वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र चिंतपूर्णी में हुए विकास कार्यों से जनता को अवगत करवाएं। उन्होंने बताया कि जनसंपर्क अभियान को कारगर बनाने के लिए इस क्षेत्र को 6 सैक्टरों में बांटा गया है।
इसके तहत चिंतपूर्णी, कौहाड़छन्न, नैहरियां, चुरुड़ू, चक्क सराय व जोल 6 सैक्टर बनाए गए हैं। इस अवसर पर ब्लाक कांग्रेस महासचिव डा. रविन्द्र कुमार, एच.आर.टी.सी. के निदेशक राजेश गौतम, पूर्व बी.डी.सी. सदस्य शकुंतला देवी, कांग्रेस ओ.बी.सी. सैल के जिला महासचिव नरेन्द्र सिंह गोल्डी, सेवादल संयोजक रविन्द्र बंसल, ब्लाक कांग्रेस सोशल मीडिया सैल के संयोजक लतीफ खान, एडवोकेट विकास कश्यप, केसर सिंह व सीता राम सहित कई कार्यकर्त्ता मौजूद थे।