Edited By Punjab Kesari, Updated: 29 May, 2017 11:36 PM
गांव धन्न सिंह खाना में गुटका साहिब की बेअदबी होने के मामले में...
भटिंडा/तलवंडी साबो(बलविंद्र/मुनीश): गांव धन्न सिंह खाना में गुटका साहिब की बेअदबी होने के मामले में पुलिस पर आरोप लग रहा है कि उसने एक निहंग सिंह को जबरन गिरफ्तार किया और उस पर अमानवीय अत्याचार कर उसके गुप्त अंगों पर करंट भी लगाया।
गत दिन गांव धन्न सिंह खाना में गुटका साहिब की बेअदबी वाली घटना घटी थी, जिसके बाद पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। इस संबंधी संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है। निहंग सिंहों की सिरमौर जत्थेबंदी शिरोमणि पंथ अकाली बुढ्डा दल 96 करोड़ी के जत्थेदार बालविंद्र सिंह निवासी धन्न सिंह खाना के अनुसार गत दिन वह बुढ्डा दल के मुख्य अस्थान पर गया हुआ।
उसकी लड़की का फोन आया कि थाना कोटफत्ता की पुलिस उनको लेने आई थी, फिर वह सीधा थाना कोटफत्ता में ही पहुंच गया, ताकि पुलिस की आमद का कारण पता लग सके। पुलिस ने उसको थाने में ही रख लिया, जिसके बाद उसको सी.आई.ए. स्टाफ भटिंडा में लाया गया। जहां एक डी.एस.पी. के नेतृत्व में उस पर अमानवीय अत्याचार किया गया। पुलिस दबाव डाल रही थी कि वह बेअदबी की घटना स्वीकार करे लेकिन वह नहीं माना। इस कारण उसके गुप्त अंगों पर करंट भी लगाया गया। थाना कोटफत्ता के प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि मामला गंभीर है, इसलिए पूछताछ के लिए बलविंद्र सिंह को थाने बुलाया गया था, लेकिन उसकी मारपीट नहीं की गई व न ही उसको रात समय थाने में रखा गया।