Edited By Updated: 21 May, 2016 07:57 PM
लोकसभा सदस्य शांता कुमार ने उत्तराखंड में सांसद तरुण विजय पर मंदिर में दलित प्रवेश के प्रश्न पर किया गए आक्रमण को अत्यंत निन्दनीय करार दिया है।
पालमपुर: लोकसभा सदस्य शांता कुमार ने उत्तराखंड में सांसद तरुण विजय पर मंदिर में दलित प्रवेश के प्रश्न पर किया गए आक्रमण को अत्यंत निन्दनीय करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह घटना एक पाप भी है और अपराध भी है। भारत का प्राचीन हिन्दू धर्म प्रत्येक व्यक्ति में भगवान को देखता है। जिन मंदिरों में दलितों को प्रवेश नहीं दिया जाता, वहां भगवान हो ही नहीं सकते, ऐसे मंदिरों में शैतान अवश्य होते होंगे। उन्होंने कहा कि दलित को मंदिरों में जाने से रोकने वाले लोग भगवान की नहीं शैतान की पूजा करते हैं।
शांता ने कहा कि हिन्दू धर्म की इसी बड़ी गलती के कारण भारत का विभाजन हुआ। इस गलती से पाकिस्तान बना, बंगलादेश बना, हिन्दुओं ने कुछ बन्धुओं को दलित कह कर दुत्कारा और विदेशी धर्म वालों ने उनको स्वीकारा। अपने ही धर्म के करोड़ों लोग मुसलमान और ईसाई बने। स्वामी दयानंद, स्वामी विवेकानंद और महात्मा गांधी ने भारतवासियों को समय-समय पर बहुत समझाया लेकिन हमारा दुर्भाग्य है कि हमने उन महापुरुषों की बात को नहीं माना तथा आज हालत यह हो गई है कि भगवान राम के जन्म स्थान अयोध्या में राम मंदिर नहीं बन पा रहा है और भारत के लोगों को भारत माता की जय कहने के लिए आग्रह करना पड़ रहा है।
शांता ने कहा कि इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या हो सकता है कि जिस महापाप के कारण भारत की इतनी अधिक हानि हुई, वह कुरीति आज भी जारी रखी जा रही है। शांता कुमार ने तरुण विजय के स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि अब इस कुरीति को कड़ाई से समाप्त करने के लिए एक सख्त कानून अति शीघ्र बनाया जाए।