Edited By Updated: 25 Aug, 2016 11:12 AM
हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए यू.एन.डी.पी. सहयोग करेगा। इसके...
शिमला: हिमाचल प्रदेश में धर्मशाला को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए यू.एन.डी.पी. सहयोग करेगा। इसके लिए यू.एन.डी.पी. ने इस परियोजना के लिए 50 लाख रुपए (75 हजार डॉलर) की राशि जारी कर दी है। यह बात शहरी विकास एवं नगर नियोजन मंत्री सुधीर शर्मा ने कही।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के आग्रह पर संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यू.एन.डी.पी.) ने धर्मशाला को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि यू.एन.डी.पी. धर्मशाला को भूकंप रोधी तकनीक के लिए जापान से जोड़ेगा।
यह तकनीक मौजूदा तकनीकों में सबसे नवीनतम है। इसके अतिरिक्त विभिन्न विशेषज्ञों से लाभान्वित होने के लिए इसे यू.एस.ए. से भी संबद्ध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यू.एन.डी.पी. जापान व संयुक्त राज्य अमरीका के माध्यम से आपदा तैयारियों, जल प्रबंधन व शहरी विकास के लिए विशेषज्ञ सहायता उपलब्ध करवाएगा।
मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि यू.एन.डी.पी. ने पूर्व में राज्य की सभी शहरी स्थानीय निकायों में क्षमता निर्माण कार्यक्रम तथा श्रम शक्ति के लिए समन्वय स्थापित कर लिया है। मंत्री ने कहा कि यू.एन.डी.पी. का एक दल अगले 2-3 दिनों में स्मार्ट सिटी से संबन्धित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए धर्मशाला का दौरा करेगा।