Edited By Updated: 14 May, 2017 10:40 PM
झंडूता विधानसभा क्षेत्र के तहत पडऩे वाली गेहड़वीं पंचायत के सेरवा व चंगर वार्ड की महिलाओं ने पेयजल किल्लत को लेकर घुमारवीं-गेहड़वीं सड़क पर करीब 3 घंटे खाली मटकों के साथ धरना-प्रदर्शन किया।
गेहड़वीं: झंडूता विधानसभा क्षेत्र के तहत पडऩे वाली गेहड़वीं पंचायत के सेरवा व चंगर वार्ड की महिलाओं ने पेयजल किल्लत को लेकर घुमारवीं-गेहड़वीं सड़क पर करीब 3 घंटे खाली मटकों के साथ धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं ने आई.पी.एच. विभाग के विरुद्ध जमकर नारेबाजी भी की। महिलाओं का कहना था कि विभाग की लापरवाही के चलते उन्हें पेयजल किल्लत से जूझना पड़ रहा है। महिलाओं का कहना था कि पेयजल संकट के समाधान को लेकर कई बार शिकायतें करने पर भी विभागीय अधिकारी कुंभकर्णी नींद सोए हुए हैं।
लिखित आश्वासन के बाद सामाप्त किया प्रदर्शन
महिलाओं के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही आई.पी.एच. के कनिष्ठ अभियंता व झंडूता पुलिस चौकी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पंचायत प्रधान गेहड़वीं प्यार सिंह के समक्ष आई.पी.एच. कनिष्ठ अभियंता गफूर मुहम्मद द्वारा दिए गए लिखित आश्वासन के बाद महिलाओं ने अपना रोष प्रदर्शन समाप्त किया। कनिष्ठ अभियंता ने महिलाओं को प्रतिदिन 45 मिनट पानी की आपूर्ति किए जाने तथा चंगर वार्ड में पानी की आपूर्ति करने के बाद वाटर गार्ड द्वारा हर नल का निरीक्षण करने का आश्वासन भी दिया।