Edited By Punjab Kesari, Updated: 20 Aug, 2017 03:31 PM
हिमाचल में भारी बारिश कहर बरपा रही है। राजधानी शिमला सहित प्रदेश भर में अगले 24 घंटों तक भारी बारिश की संभावना है।
शिमला: हिमाचल में भारी बारिश कहर बरपा रही है। राजधानी शिमला सहित प्रदेश भर में अगले 24 घंटों तक भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 22 अगस्त तक प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते लोगों को सावधान रहने की चेतावनी जारी की है। सूत्रों के मुताबिक शनिवार को राज्य में कई स्थानों पर भारी बारिश हुई। शुक्रवार रात से भारी बारिश क्रम शनिवार दोपहर तक चलता रहा। शिमला में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश के कारण 48 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
भूस्खलन होने के कारण जगह-जगह जाम
कई संपर्क सड़कें बाधित हो गई हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय राज मार्ग पर भी दिन भर भूस्खलन होने के कारण जगह-जगह जाम लगता रहा। इस कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं सिरमौर में भारी बारिश के कारण 13 संपर्क मार्ग भूस्खलन के कारण बंद पड़े हैं। राजगढ़ के हलोनी पुल शलाना मार्ग पर केरटू के पास बारिश के कारण सड़क का डंगा धंसने से ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इसमें एक व्यक्ति की मौत तथा दो गंभीर रूप से घायल हो गए। ऐसी ही स्थिति राज्य के अन्य जिलों में भी बनी हुई है।