Edited By Punjab Kesari, Updated: 12 Nov, 2017 11:39 AM
हिमाचल के किन्नौर जिले के रिब्बा गांव में तेंदुए का आतंक प्रति- ...
शिमला : हिमाचल के किन्नौर जिले के रिब्बा गांव में तेंदुए का आतंक प्रति-दिन बढ़ता जा रहा है। बता दें कि अाज सुबह साढ़े सात बजे एक आदमखोर तेंदुअा ने एक बुजुर्ग महिला (74) कमान देवी को अपना शिकार बना लिया। जानकारी के मुताबिक जब यह महिला अपने पुराने घर से नए घर की ओर जा रही थी इसी बीच तेंदुए ने उस पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। जिसके बाद लोगों ने पुलिस और आईटीबीपी की टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही सुबह साढ़े 9 बजे टीम मौके पर पहुंची। वहीं मूरंग थाना के एएसआई जीत राम ने बताया कि महिला की भतीजी जब नए घर में चाय लेकर पहुंची तो उसने देखा कि आंगन में खून के निशान थे। फिर उसने इसकी सूचना बेटे हरी केशव को दी और जानवर के डर होने की आशंका से पंचायत प्रधान को सूचित किया।
महिला के शरीर को बुरी तरह से नोंचा
मौके पर पहुंची टीम ने खून के निशान के पीछे घर से पांच सौ मीटर दूर पत्थरों के बीच तेंदुए को लाश के पास पाया। उन्हें देखकर तेंदुआ भाग खड़ा हुआ। उन्होंने बताया कि उस महिला का सिर शरीर से अलग हो गया था और तेंदुए ने महिला के शरीर को बुरी तरह से नोंच दिया था। वहीं दूसरी ओर सूचना मिलते ही डीएसपी किन्नौर चंद्रपाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए रिकांगपिओ अस्पताल लाया गया। उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। डीएसपी का कहना है कि आदमखोर तेंदुए को मारने के लिए सोलन से शूटरों की टीम बुलाई है। जल्द तेंदुए को मार दिया जाएगा। वन विभाग ने मृतक के परिजनों को फौरी राहत के तौर पर 25 हजार रुपए की राशि जारी की है।