Edited By Punjab Kesari, Updated: 18 Oct, 2017 11:26 AM
हिमाचल की सियासत के 2 बड़े दिग्गज वीरभद्र सिंह और प्रेम कुमार धूमल के इस बार नए विधानसभा क्षेत्रों से चुनावी मैदान में उतरने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने शिमला ग्रामीण विधानसभा सीट से इस बार अपने पुत्र विक्रमादित्य सिंह को उतारने का निर्णय लिया...
शिमला: हिमाचल की सियासत के 2 बड़े दिग्गज वीरभद्र सिंह और प्रेम कुमार धूमल के इस बार नए विधानसभा क्षेत्रों से चुनावी मैदान में उतरने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने शिमला ग्रामीण विधानसभा सीट से इस बार अपने पुत्र विक्रमादित्य सिंह को उतारने का निर्णय लिया है। इसके बाद उन्होंने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स के आग्रह पर ठियोग से चुनाव लड़ने की बात कही थी लेकिन अब उनके अर्की विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरने की अटकलें लगाई जा रही हैं। धूमल भी इस बार सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतरने की तैयारी में हैं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री को परिसीमन के बाद अपना परंपरागत चुनाव क्षेत्र रोहड़ू आरक्षित होने के कारण छोड़ना पड़ा था। इस कारण वह पिछले विधानसभा चुनाव में शिमला ग्रामीण से चुनाव मैदान में उतरे थे। उन्होंने शिमला ग्रामीण से भाजपा प्रत्याशी ईश्वर रोहाल को 20 हजार मतों के अंतर से पराजित किया था। वीरभद्र के अर्की से प्रत्याशी होने की स्थिति में उनका मुकाबला विधायक गोविंद शर्मा या फिर रतन लाल से होने की संभावना है। हालांकि इस सीट से कांग्रेस 2 बार चुनाव लगातार हारी है। इसी तरह धूमल के इस बार सुजानपुर से चुनाव लड़ने पर उनका मुकाबला पूर्व विधायक राजेंद्र राणा से होने की संभावना है। सुजानपुर से इस समय विधायक नरेंद्र ठाकुर अब हमीरपुर से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। यहां पर उनका मुकाबला अपनी ही भाभी एवं कांग्रेस प्रत्याशी उर्मिल ठाकुर से हो सकता है।