CM की जनसभा में टिकट के लिए जोर आजमाइश, निशाने पर रहे यह भाजपा नेता

Edited By Punjab Kesari, Updated: 14 Jul, 2017 12:47 AM

trial for the ticket in cm  s rally  target on this bjp leader

पार्वती घाटी के शाट में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जनसभा में भाजपा विधायक महेश्वर सिंह छाए रहे।

कुल्लू: पार्वती घाटी के शाट में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जनसभा में भाजपा विधायक महेश्वर सिंह छाए रहे। हालांकि वह जनसभा में मौजूद नहीं थे लेकिन कांग्रेस के निशाने पर वही रहे। मुख्यमंत्री ने भी उन पर जमकर सियासी हमले किए। पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर को छोड़कर सभी कांग्रेस नेताओं ने मंच से उन्हें जमकर कोसा। शाट में हुई जनसभा में टिकट को लेकर भी खूब जोर आजमाइश हुई। मुख्यमंत्री के सामने स्वयं को सशक्त बताने के लिए सुंदर ठाकुर और सत्य प्रकाश ठाकुर ने खूब जोर लगाया। सुंदर ठाकुर ने अपने कार्यकर्ताओं के जरिए भी टिकट की खातिर माहौल बनाने का प्रयास किया। वहीं मंच पर मुख्यमंत्री के समक्ष कई मांगें रखीं, जिन्हें मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया। उन्होंने महेश्वर सिंह पर भी सियासी हमला बोला। उन्होंने सब्जी मंडी मार्ग को स्टे और काले झंडे दिखाने की तैयारियों पर कहा कि तिरंगे के डंडे काले झंडे दिखाने वालों के खिलाफ काम आ सकते थे। उन्होंने कहा कि महेश्वर 3 साल तक कांग्रेस के आगे-पीछे घूमते रहे और विकास कार्यों को ग्रहण लगा दिया। 

सत्य प्रकाश ठाकुर ने पूर्व में किए विकाय कार्य गिनाए 
वहीं सत्य प्रकाश ठाकुर ने पूर्व में किए विकास कार्यों को गिनाते हुए कुछ मांगें भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट किसी को भी मिल सकता है। जरूरी नहीं है कि जिन्हें पहले मिला उन्हें ही मिले। कोई भी प्रत्याशी हो सकता है लेकिन जो भी हो बस सीट कांग्रेस की झोली में डालकर वीरभद्र सिंह को मुख्यमंत्री बनाना है। अन्य वक्ताओं ने मंच पर कभी सुंदर तो कभी सत्य प्रकाश का नाम पहले लिया। पूर्व बी.डी.सी. चेयरमैन ने मंच पर कहा कि टिकट उस व्यक्ति को मिले जो जीतने की क्षमता रखता हो। यूथ कांग्रेस अध्यक्ष हीरा लाल पुजारी ने भी कहा कि जीतने वाले प्रत्याशी को ही टिकट मिले। इसी तरह कुल्लू ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम शर्मा, ओम प्रकाश व चमन बिष्ट सहित अन्य वक्ताओं ने भी टिकट की ही बात को घुमाते हुए जिताऊ उम्मीदवार को मैदान में उतारने की बात की। इस दौरान प्रेम लता ठाकुर के नाम पर भी पंडाल में लोग गुफ्तगू करते नजर आए। 

पिछले चुनाव में अपनों ने डुबोया
पिछले विधानसभा चुनाव में सुंदर ठाकुर कुल्लू सदर हलके से कांग्रेस प्रत्याशी रहे। अबकी बार सत्य प्रकाश ठाकुर भी कुल्लू सदर हलके से कांग्रेस टिकट पर चुनाव लडऩे की फिराक में हैं। वह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि बंजार से लोग मुझ पर दबाव बना रहे हैं लेकिन मैं कुल्लू सदर से चुनाव लडऩे का इच्छुक हूं। पार्टी आदेश करे तो मैदान में उतरूंगा। पिछली बार सत्य प्रकाश ठाकुर की धर्मपत्नी प्रेमलता ठाकुर कांग्रेस से बगावत कर मैदान में उतरीं थीं। महेश्वर सिंह ने भाजपा के राम सिंह को हराया था जबकि सुंदर तीसरे नंबर पर रहे थे। प्रेम लता को भी करीब 7000 मत मिले थे।

राम सिंह भी रहे निशाने पर
जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुंदर सिंह ठाकुर के निशाने पर पिछली बार भाजपा प्रत्याशी रहे राम सिंह भी रहे। उन्होंने कहा कि वह जातिवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। भाजपा ही समाज को बांटने का काम कर रही है और जातिवाद की खाई को और बढ़ा रही है। 

किसी ने सुंदर तो किसी ने सत्य प्रकाश को थमाए मांग पत्र
मंच पर बैठे सुंदर ठाकुर और सत्य प्रकाश लोगों की मांगों और शिकायतों से संबंधित दस्तावेज मांगकर मुख्यमंत्री को सौंप रहे थे। कई लोग सुंदर तो कई सत्य प्रकाश को अपने दस्तावेज सौंप रहे थे। सुंदर उन लोगों को एक टक निहार रहे थे जो सत्य प्रकाश को दस्तावेज सौंप रहे थे। वहीं सत्य प्रकाश भी ऐसा ही कर रहे थे। कइयों को दस्तावेज सौंपते समय या सौंपने के बाद ये दोनों नेता इशारे भी करते रहे। कइयों ने सीधे मुख्यमंत्री को ही अपनी मांगों व शिकायतों से संबंधित दस्तावेज सौंपे। 

अचानक भड़क गए इंटक पदाधिकारी
इंटक के एक पूर्व पदाधिकारी उस समय फाइल लेकर मंच पर मुख्यमंत्री से मिलने आए जब सुंदर ठाकुर भाषण दे रहे थे। इस दौरान सुरक्षा कर्मी किसी को मुख्यमंत्री से मिलने नहीं दे रहे थे। जब पदाधिकारी को रोका तो वह भड़क उठे। सुंदर ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। इंटक पदाधिकारी ने मुख्यमंत्री के सामने ही पार्टी छोडऩे की धमकी दे डाली।

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!