Edited By Updated: 18 Jan, 2017 05:06 PM
ओलंपिक खेलों में रजत पदक विजेता विजय कुमार ने अपना जीवनसाथी चुन लिया है।
बड़सर (हमीरपुर): ओलंपिक खेलों में रजत पदक विजेता विजय कुमार ने अपना जीवनसाथी चुन लिया है। पिस्टल शूटिंग में ओलंपिक खेलों में रजत पदक विजेता शूटर विजय कुमार और दौलतपुर की प्रियंका 22 जनवरी को परिणय सूत्र में बंधने जा रहे हैं। प्रियंका ऊना की रहने वाली है। प्रियंका आईटी में एमएससी हैं तथा निजी स्कूल स्कूल में पढ़ाती हैं। उनके पिता विपिन कुमार सीआईएसएफ में नायब सूबेदार हैं। विजय कुमार की शादी हिमाचली रीति-रिवाज के अनुसार होगी। बताया जा रहा है कि शूटर विजय कुमार के गांव हरसौर (हमीरपुर, हिमाचल प्रदेश) में तीन दिन 21, 22 और 23 जनवरी को हमीरपुरी धाम का आयोजन होगा। 22 जनवरी शाम को हरसौर से बारात रवाना होगी और ऊना के अंब में एक होटल में रिसेप्सन होगी।
13 अक्तूबर को हुई थी सगाई
विजय कुमार का कहना है कि वे प्रियंका को पहले से नहीं जानते हैं। हिमाचल रीति-रिवाज के मुताबिक परिवार ने प्रियंका के टेबा से मिलान किया। इसके उपरांत परिवार सदस्यों के साथ 13 अगस्त को प्रियंका के घर गए। वहीं वह उससे पहली बार मिले थे। तभी उन्होंने सोच लिया कि यही मेरी हमसफर बनेगी। इसके 2 महीने के बाद 13 अक्तूबर को उन्होंने सगाई की। विजय कुमार के पिता बांकू राम ने बताया कि घर में शादी के तैयारियों में जुटे हैं। विजय साल 2001 में सेना में भर्ती हुए और वर्तमान में सूबेदार मेजर के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। शादी से कुछ महीने बाद वह सेना से सेवानिवृत्त होने वाले हैं।