Edited By Punjab Kesari, Updated: 06 Dec, 2017 03:35 PM
शिमला की कंडा जेल से तीन खूंखार कैदियों के फरार होने का मामला सामने आया है। मामला बुधवार सुबह सवेरे का है। कैदियों की इस हरकत से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए समस्त पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है।
शिमला (विकास): शिमला की कंडा जेल से तीन खूंखार कैदियों के फरार होने का मामला सामने आया है। मामला बुधवार सुबह सवेरे का है। कैदियों की इस हरकत से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए समस्त पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। जानकारी के मुताबिक कैदियों के फरार होने के बाद पुलिस ने सभी नाकों को सील कर दिया है। साथ ही फरार कैदियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई की जा रही है। फरार कैदियों में लीलाधर (22) प्रताप सिंह (27) और प्रेम बहादुर (22) है। लीलाधर पर मर्डर का केस है। प्रताप सिंह पर नाबालिग से रेप का केस है और प्रेम बहादुर पर भी रामपुर थाने में रेप का केस दर्ज है।
जेल की पिछली दीवार फांद कर हुए फरार
सूत्रों के अनुसार यह 3 अंडर ट्रायल नेपाली जेल की पिछली दीवार से फरार हुए हैं। यह तीनों नेपाली बलात्कार, हत्या के अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार हुए थे और उन पर कुल्लू, शिमला और किन्नौर की अदालतों में केस चल रहा है। पुलिस महानिदेशक सोमेश गोयल ने बताया कि सारे नाकों को सील किया गया है और फरार कैदियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। वहीं कैदियों की इस हरकत से एक बार फिर मार्डन सेंट्रर्ल जेल प्रशासन की पोल खुली है।
जेल प्रशासन ने दो पुलिसवालों को किया निलंबित
इस मामले में जेल प्रशासन ने जेल स्टाफ के दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। क्योंकि उन्होंने ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरती है। महानिदेशक कारागार ने जांच के आदेश दिए हैं। कंडा जेल में एसपी शिमला सौम्या सांबशिवन भी पहुंच गई है। वह जेल अधिकारियों से बातचीत कर रही है। घटना के संबंध में पूरी जानकारी ले रही है।