Edited By Updated: 18 Jan, 2017 01:20 AM
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा है कि कांग्रेस के अनेक नेता एवं विधायक पार्टी में घुटन महसूस कर रहे हैं।
ऊना: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा है कि कांग्रेस के अनेक नेता एवं विधायक पार्टी में घुटन महसूस कर रहे हैं। पार्टी अध्यक्ष ने पत्रकार वार्ता में कहा कि सत्ताधारी दल के कई विधायक उनके समक्ष अपना दुखड़ा सुनाते हैं। वे सरकार में घोर विपक्ष का सामना करने की बात कह कर सरकार के अंदरूनी हालात बयान करते हैं। सत्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह मंचों से न केवल विपक्ष बल्कि अपनी ही पार्टी के नेताओं पर अनेक प्रकार के तंज कस कर रजवाड़ाशाही प्रवृत्ति का प्रमाण प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह से खोखली हो चुकी है। कई मंत्री व नेता भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रहे हैं।
73 संगठनात्मक मंडलों में पोल खोलेगी भाजपा
सत्ती ने कहा कि भाजपा आने वाले दिनों में सरकार की कलई खोलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 73 संगठनात्मक मंडलों में भाजपा चार्जशीट पर चर्चा कर कांग्रेस की पोल खोलेगी। इसके लिए 1 से 15 फरवरी तक प्रत्येक विस क्षेत्र में चार्जशीट पर चर्चा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इससे जहां जनता भ्रष्टाचार के कारनामों के बारे में जान पाएगी, वहीं प्रदेश सरकार के विरुद्व जनमत तैयार किया जा सकेगा।
साहस है तो चार्जशीट पर जांच करवाने के आदेश दें मुख्यमंत्री
सत्ती ने कांग्रेस नेताओं को चार्जशीट के मामले पर खुली बहस की भी चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री में साहस है तो वह चार्जशीट पर जांच करवाने के आदेश दें। रद्दी की टोकरी में चार्जशीट को फैंकने की बात कह कर आरोपों से बचा नहीं जा सकता है।