Edited By Punjab Kesari, Updated: 04 Nov, 2017 12:47 AM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभाओं का जवाब कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी 6 नवम्बर को देंगे।
शिमला: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभाओं का जवाब कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी 6 नवम्बर को देंगे। इस दौरान वह पांवटा, चम्बा और नगरोटा बगवां में जनसभाएं करेंगे। नरेंद्र मोदी अब तक रैहन और धौलाकुआं में 2 चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर चुके हैं। चुनाव मैदान में कांग्रेस-भाजपा के बड़े नेताओं के कूदने से प्रचार अभियान तेजी पकड़ता जा रहा है। इस दौरान आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति तेज हो गई है। भाजपा केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनवाने के अलावा प्रदेश सरकार की नाकामियों को गिनवाने में जुटी है। इसके विपरीत कांग्रेस केंद्र सरकार को घेरने के अलावा प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच गिनवा रही है।
राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के बड़े नेता प्रचार में जुटे
प्रदेश में 9 नवम्बर को एक ही चरण में मतदान होगा और इससे पहले चुनाव प्रचार थमने तक अलग-अलग स्थानों पर राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के बड़े नेता प्रचार में जुटे हुए हैं। केंद्रीय नेताओं के अलावा सत्तारुढ़ कांग्रेस पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने चुनाव प्रचार की कमान संभाल रखी है। वे राज्य के अलग-अलग स्थानों में जाकर प्रचार कर रहे हैं। इसी तरह भाजपा की तरफ से नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल भी अलग-अलग स्थानों में जाकर प्रचार कर रहे हैं। दोनों दल रणनीति के तहत चुनाव प्रचार को आगे बढ़ा रहे हैं। इसमें दिग्गजों के घर में सेंध लगाने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा विजन डॉक्यूमैंट और कांग्रेस घोषणा पत्र में किए गए वायदों को भी गिनवा रहे हैं।